Twisha Sharma death case: Seven questions that continue to haunt probe ट्विशा शर्मा की मौत हत्या थी या आत्महत्या? सात सवाल अब तक बने हुए हैं रहस्य, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

ट्विशा शर्मा की मौत हत्या थी या आत्महत्या? सात सवाल अब तक बने हुए हैं रहस्य

Twisha Sharma death case: ट्विशा शर्मा डेथ केस में हर दिन नए खुलासे और नए सवाल सामने आ रहे हैं। अब तक तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह आत्महत्या बताई गई है, लेकिन ट्विशा का परिवार इसे मानने को तैयार नहीं है।

Thu, 21 May 2026 08:46 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल
share
ट्विशा शर्मा की मौत हत्या थी या आत्महत्या? सात सवाल अब तक बने हुए हैं रहस्य

Twisha Sharma death case: ट्विशा शर्मा डेथ केस में हर दिन नए खुलासे और नए सवाल सामने आ रहे हैं। भोपाल में 12 मई को अपने ससुराल में मृत मिलीं 33 वर्षीय मॉडल और एक्टर ट्विशा शर्मा की मौत को लेकर अब तक तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह आत्महत्या बताई गई है, लेकिन ट्विशा का परिवार इसे मानने को तैयार नहीं है। परिवार लगातार दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और जांच में गड़बड़ी के आरोप लगा रहा है। वहीं, ट्विशा के पति समर्थ सिंह अब तक फरार बताए जा रहे हैं। इस पूरे मामले में ऐसे सात बड़े सवाल हैं, जो अब भी जांच एजेंसियों का पीछा कर रहे हैं।

  • 1. मौत से पहले के आखिरी 60 मिनट में क्या हुआ?

यह इस केस का सबसे बड़ा और सबसे रहस्यमय सवाल बन गया है। CCTV फुटेज के मुताबिक, ट्विशा शाम करीब 7:20 बजे घर की छत की तरफ जाती दिखाई देती हैं। करीब एक घंटे बाद उनका शव नीचे लाया जाता है। सवाल यह है कि इस एक घंटे के दौरान आखिर घर में क्या हुआ? उस समय घर में कौन-कौन मौजूद था? अगर कुछ गलत हुआ, तो तुरंत मदद क्यों नहीं दी गई? परिवार का आरोप है कि इस दौरान की सच्चाई अभी सामने नहीं आई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ट्विशा का दूसरा पोस्टमॉर्टम दिल्ली AIIMS में क्यों कराना चाहते थे परिजन?
  • 2. अगर आत्महत्या थी, तो तुरंत अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया?

ट्विशा के परिजनों ने दावा किया है कि उन्हें समय रहते अस्पताल नहीं ले जाया गया। ससुराल पक्ष का कहना है कि उन्होंने सीढ़ियों के पास CPR देने की कोशिश की थी, लेकिन वह सफल नहीं रही। इसके बावजूद सवाल उठ रहा है कि तत्काल मेडिकल मदद लेने में देरी क्यों हुई? परिवार को शक है कि इस दौरान कुछ तथ्यों को छिपाने की कोशिश की गई है।

  • 3. मौत से पहले मां को भेजे गए मैसेज क्या बताते हैं?

ट्विशा ने मौत से कुछ दिन पहले अपनी मां को कई मैसेज भेजे थे। इनमें उन्होंने ससुराल में मानसिक तनाव और परेशानियों का जिक्र किया था। परिवार का कहना है कि ट्विशा लगातार दबाव में थीं। इन संदेशों ने इस आशंका को और मजबूत किया है कि वह लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रही थीं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ट्विशा का दोबारा नहीं होगा पोस्टमॉर्टम, कोर्ट ने खारिज की अर्जी
  • 4. क्या घटनास्थल से मिले सबूत सही तरीके से सुरक्षित किए गए?

परिवार लगातार आरोप लगा रहा है कि मामले के अहम सबूतों के साथ छेड़छाड़ हुई है। जांच अधिकारी पर भी सवाल उठे हैं। सबसे बड़ा विवाद उस नायलॉन रस्सी को लेकर है, जिससे कथित तौर पर फांसी लगाई गई थी। आरोप है कि पोस्टमॉर्टम के दौरान मेडिकल बोर्ड के सामने रस्सी पेश ही नहीं की गई। इस वजह से डॉक्टर गर्दन के निशानों और रस्सी के बीच वैज्ञानिक तुलना नहीं कर सके। इससे जांच की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

  • 5. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पूरी तस्वीर क्यों नहीं बता पा रही?

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने भी विवाद बढ़ा दिया है। रिपोर्ट में आत्महत्या की बात कही गई, लेकिन शरीर पर मिले कुछ निशानों और चोटों को लेकर परिवार संतुष्ट नहीं है। ट्विशा के माता-पिता का कहना है कि रिपोर्ट यह स्पष्ट नहीं करती कि आखिर उनकी बेटी के साथ वास्तव में क्या हुआ था। इसी वजह से परिवार ने दिल्ली AIIMS में दूसरा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की थी, लेकिन भोपाल कोर्ट ने यह अर्जी खारिज कर दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:फायदे के लिए बनाए संबंध? ट्विशा की सास की ऑडियो टेप से खड़े हुए नए सवाल
  • 6. क्या यह वास्तव में आत्महत्या थी या कहानी में कोई और पहलू है?

पूरे केस का सबसे अहम सवाल यही है। क्या ट्विशा ने खुद अपनी जान ली, या हालात ने उन्हें इस कगार तक पहुंचा दिया? दहेज प्रताड़ना, मानसिक दबाव, CCTV फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और जांच में कथित गड़बड़ियों ने इस मामले को और उलझा दिया है। हर नए खुलासे के साथ संदेह और गहरा होता जा रहा है।

  • 7. ट्विशा की मौत के बाद गिरिबाला सिंह ने किन लोगों को फोन किया?

ट्विशा के परिवार ने करीब 46 फोन नंबर सार्वजनिक करते हुए आरोप लगाया है कि घटना के बाद उनकी सास गिरिबाला सिंह ने कई लोगों से बातचीत की थी। परिवार सवाल उठा रहा है कि आखिर ये कॉल किसे और क्यों किए गए? क्या इन कॉल्स का संबंध केस को प्रभावित करने या किसी तरह की रणनीति से था? जांच एजेंसियां अब इन कॉल रिकॉर्ड्स की भी पड़ताल कर रही हैं।

ट्विशा शर्मा का शव अब भी भोपाल AIIMS की मोर्चरी में रखा हुआ है। परिवार अंतिम संस्कार करने को तैयार नहीं है और लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। लेकिन फिलहाल, इस हाई-प्रोफाइल केस में सवाल जवाबों से कहीं ज्यादा नजर आ रहे हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।