MP: देवास में पंप पर लगी थीं कतारें, वाहन छोड़ घोड़े पर दफ्तर पहुंचा शख्स- VIDEO
मध्य प्रदेश के देवास में पेट्रोल पंपों पर कतारें लगी होने के बीच एक अजब-गजब वाकया सामने आया है। एक शख्स घोड़े पर सवार होकर दफ्तर पहुंचा। युवक अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने पंप पर गया था पर वहां भीड़ देख लौट आया और घोड़े से दफ्तर पहुंचा।

मध्य प्रदेश के देवास में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों के बीच एक युवक घोड़े पर सवार होकर अपने दफ्तर पहुंचा। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। राधागंज निवासी गोपाल ठाकुर ने कहा कि वह पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर गए थे लेकिन वहां लोग पहले से ही कतारों में खड़े थे। इसके बाद मैं घर लौट आया और फिर घोड़े से दफ्तर पहुंचा। इस बीच एमपी सरकार के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने साफ किया है कि राज्य में फ्यूल की कोई कमी नहीं है।
आशंका के चलते पंपों पर जुटी भीड़
दरअसल, ईरान युद्ध के कारण पेट्रोल-डीजल की किल्लत की आशंका के चलते लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए। आलम यह कि जिले के चौबाराधीरा स्थित एक पेट्रोल पंप पर ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया और मारपीट तक हो गई।
ड्रम लेकर कतार में खड़े नजर आए लोग
बताया जा रहा है कि बीती रात चौबाराधीरा के पेट्रोल पंप पर ग्रामीण बड़े-बड़े ड्रम लेकर कतार में खड़े थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनमें विवाद हो गया जो जल्द मारपीट में बदल गया। इससे कुछ देर के लिए पंप पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को कंट्रोल कर लिया।
अतिरिक्त स्टॉक नहीं करने की अपील
देवास में बुधवार को भी सुबह से पेट्रोल पंपों पर वाहनों में ईंधन भरवाने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए देवास एसपी अन्य अधिकारियों के साथ प्रमुख पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने अनावश्यक रूप से ईंधन का अतिरिक्त स्टॉक नहीं करने की अपील की है।
घोड़े पर बैठ कर आफिस पहुंचा शख्स
पेट्रोल पंपों पर लगी कतारों को देख राधागंज निवासी गोपाल ठाकुर ने एक अनूठा जुगाड़ निकाला वह अपने वाहन के बजाए घोड़े पर बैठ कर आफिस पहुंचे। गोपाल ठाकुर ने बताया कि वह पेट्रोल पंप पर बुलेट में पेट्रोल डलवाने गए थे लेकिन वहां काफी भीड़ थी और लोग कतारों में लगे थे। लंबी लाइन के कारण मुझे दफ्तर के लिए देरी हो रही थी। इसके बाद मैं घर लौटा और अपने यहां घोड़े हैं तो मैंने घोड़े की सवारी कर के दफ्तर पहुंचा।
मंत्री बोले- अफवाहों पर नहीं दें ध्यान
मध्य प्रदेश के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बुधवार को कहा कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। पेट्रोल और डीजल काफी मात्रा में उपलब्ध हैं। डिपो से सप्लाई लगातार जारी है इसलिए लोग घबराकर पेट्रोल ना भरवाएं और न ही इसे जमा करें। अफवाहों की वजह से कुछ जिलों में पेट्रोल पंपों पर भीड़ देखी गई लेकिन तेल कंपनियों ने साफ किया है कि स्टॉक की कोई कमी नहीं है।




साइन इन