Long Queues at Petrol Pumps Amid Supply Issues and Consumer Protests देवरिया में पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, तेल लेने को लगी कतार, अधिकारी बोले- बेवजह न करें पैनिक, Deoria Hindi News - Hindustan
More

देवरिया में पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, तेल लेने को लगी कतार, अधिकारी बोले- बेवजह न करें पैनिक

Deoria News - पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह के चलते कुछ लोग अपनी टंकियों को फुल कराने में लगे रहे। वहीं कंपनियों के उधार तेल देने पर रोक लगाने और नगद जमा करने पर डीजल, पेट्रोल की आपूर्ति करने से पंपों की दिक्कत बढ़ गयी है। वहीं डिपो से डिमांड में 25 से 30 फीसदी तेल में कटौती की जा रही है।

Wed, 25 March 2026 06:35 PMNewswrap हिन्दुस्तान, देवरिया
share
देवरिया में पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, तेल लेने को लगी कतार, अधिकारी बोले- बेवजह न करें पैनिक

देवरिया में बुधवार को पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल भराने को भीड़ उमड़ पड़ी। तेल लेने को शहर के कसया रोड, पथरदेवा, तरकुलवा, बरियारपुर, महुआडीह क्षेत्र के पेट्रोल पंपों कतार लगी रही। तेल की किल्लत की की आशंका व अफवाह के चलते भी कुछ लोग अपनी टंकियों को फुल कराने में लगे रहे। वहीं कंपनियों के उधार तेल देने पर रोक लगाने और नगद जमा करने पर डीजल, पेट्रोल की आपूर्ति करने से पंपों की समस्या बढ़ गयी है। वहीं डिपो से डिमांड में 25 से 30 फीसदी तेल में कटौती की जा रही है।

गौरीबाजार व बैतालपुर संवाद अनुसार बैतालपुर डिपो शाम के पांच बजे बंद हो जा रहा है। गोंडा डिपो पर लोडिंग नहीं होने से बैतालपुर डिपो पर दबाव बढ़ गया है। इस डिपो के भारत पेट्रोलियम, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम व इंडियन से डीजल, पेट्रोल की आपूर्ति गोरखपुर, बस्ती मंडल के जिलों तथा नेपाल तक होती है। डिपो से करीब सात सौ टैंकर जुड़े हैं। उनके द्वारा गोरखपुर, बस्ती, आजमगढ़ मंडल व नेपाल के पेट्रोल पंपों पर तेल की आपूर्ति की जाती है। गोंडा डिपो बंद होने से बैतालपुर डिपो पर दबाव बढ़ गया है। पहले उधार में तेल की आपूर्ति हो जाती थी, लेकिन अब नकद जमा करने वाले पेट्रोल पंपों को ही तेल की आपूर्ति हो रही है। पेट्रोल पंपों की मांग में पचीस-तीस फीसदी कटौती की जा रही है। बैतालपुर डिपो के बीपीसीएल के प्रबंधक परवेज़ आलम ने कहा कि डीजल-पेट्रोल की आपूर्ति को लेकर कोई दिक्कत नहीं है। मांग के अनुसार पेट्रोल पंपों को आपूर्ति की जा रही है।

डीजल-पेट्रोल की किल्लत से थमी रफ्तार, पंपों पर लगी भीड़

बंजरिया बाजार, हिंदुस्तान संवाद। क्षेत्र में डीजल और पेट्रोल की अचानक हुई कमी वाहनों की रफ्तार थम सी गई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को पथरदेवा और कंचनपुर के पेट्रोल पंप तेल के अभाव में बंद रहे। जबकि बघौचघाट, हनुमानगंज, तरकुलवा के बसंतपुर धूसी के पेट्रोल पंप खुले तो रहे, लेकिन वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ रही। लोग गाड़ियों के साथ लंबी कतारों में खड़े अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। लोगों को तेल लेने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने को पुलिस बल को तैनात करना पड़ा। बघौचघाट संवाद अनुसार पेट्रोल पंपों पर तेल भराने को बाइक और गाड़ियों की लाइन लग गयी। बघौचघाट पेट्रोल पंप पर डीजल और पेट्रोल के दो-दो नाजिल चलते हैं। लेकिन बुधवार को केवल एक-एक नाजिल पेट्रोल, डीजल का चल रहा था।

क्षेत्र के अधिकांश पंपों पर उमड़ी भीड़, लगी लाइन

तरकुलवा। हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र में पेट्रोल व डीजल की किल्लत की खबर फैलते ही स्थानीय पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी। बुधवार को लोग घंटों लाइन में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। क्षेत्र में तेल के अभाव में बंजरिया मोड़ के समीप पेट्रोल पंप व कंचनपुर के गोरयाघाट रोड पर पेट्रोल पंप बन्द होने की सूचना जैसे ही लोगों को मिली, वह टंकी फुल कराने की पंपों की ओर चल पड़े। इससे बसन्तपुर धूसी पंप पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पंप संचालकों का कहना है कि आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है। अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही तेल लें, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

पंप पर लगाना पड़ा पेट्रोल नहीं है का बोर्ड

सलेमपुर, हिन्दुस्तान संवाद अनुसार नवलपुर मुख्य मार्ग के बेलपार टोला के समीप स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार सुबह पेट्रोल खत्म हो गया। पंप कर्मियों ने पेट्रोल नहीं है का बोर्ड लगाकर ग्राहकों को वापस कर दिया। हरैया वार्ड नंबर 5 के मझौली मोड पर स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर पिछले दो दिनों तक एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल के सहारे ग्राहकों को तेल दी गई। नवलपुर चौराहे के समीप बटोही चौराहे स्थित पंप पर पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा मे उपलब्ध रहा।

तीन दिन से बंद पेट्रोल पंप, गेहूं कटाई को किसान परेशान

बरियारपुर, हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड से जुड़े बाबा अमरनाथ पेट्रोलियम करौदी बाजार, अनन्या पेट्रोलियम धुसवा और लाहिलपार फ्यूल लाहिलपार पर तीन दिनों से डीजल, पेट्रोल समाप्त होने से वह बंद पड़े हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लाहिलपार स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के पेट्रोल पंप पर भी तेल नहीं होने से ताले लगे रहे। प्रैल से गेहूं कटाई शुरू होने वाली है, इसको लेकर किसानों की चिंता बढ़ने लगी है। डीजल के अभाव में हार्वेस्टर और ट्रैक्टर ठप पड़ सकते हैं और इससे खेती का काम प्रभावित होने की आशंका सताने लगी है। सरौरा और धूमनगर के किसान-पंकज यादव, जितेंद्र गुप्ता, संजय प्रसाद और महुई निवासी नंदलाल यादव ने बताया कि उनके पास हार्वेस्टर, ट्रैक्टर और भूसा बनाने की मशीनें हैं, लेकिन तीन दिनों से ईंधन न मिलने के कारण सभी उपकरण खड़े हैं। क्षेत्रीय लोगों और किसानों ने प्रशासन से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति कराने की मांग की है।

जिले में पेट्रोल-डीजल का है भरपूर स्टॉक-डीएसओ

जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिले में तीन सरकारी व दो निजी कंपनियों को मिलाकर कुल 202 पेट्रोप पंप हैं। जहां पर 1543 केएल पेट्रोल व 1907 केएल डीजल का स्टाक हैं। इसमें से 263 केएल पेट्रोल व 435 केएल डीजल की बिक्री की गयी है। जनपद में पेट्रोल, डीजल के स्टाक की कोई कमी नहीं हैं। पेट्रोल, डीजल व एलपीजी सिलेंडर को लेकर किसी तरह के अफवाह पर ध्यान दें और जरूरत भर के ईधन की खरीदारी करें

डीएम बोलीं-

देवरिया की डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है। पर्याप्त मात्रा में ईधन उपलब्ध है। सभी पेट्रोलपंपो को नियमित आपूर्ति बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। आमजन आवश्यक्ता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल क्रय करें और अनावश्यक भण्डारण करने से बचें। ईधन को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।