बस्ती में अफवाह से बढ़ी तेल की मारामारी, पेट्रोल पंपों पर मची अफरातफरी
Basti News - बस्ती-अयोध्या हाईवे के पास पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह ने हंगामा मचा दिया। अयोध्या और गोंडा से लोग पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों में पहुंचे। कुछ पंपों पर तेल की आपूर्ति बढ़ गई, लेकिन अफवाहों के कारण हालात बिगड़ गए। विशेषज्ञों ने कहा कि असली कमी नहीं है, प्रशासन से स्थिति सामान्य करने की अपील की जा रही है।
बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। बस्ती-अयोध्या हाईवे सीमा से जुड़े इलाकों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह ने हालात बिगाड़ दिए हैं। मंगलवार की रात अयोध्या और गोंडा जिले से उमड़े लोगों ने छावनी क्षेत्र के पंपों पर कतार लगाकर पेट्रोल भरवाया। कुछ लोग तो गैलनों में भी तेल लेकर गए। हालात ऐसे हो गए कि पुलिस बुलानी पड़ी और प्राइवेट सुरक्षा कर्मी लगाकर पेट्रोल दिया गया। छावनी क्षेत्र के पचवस स्थित कुमार फिलिंग स्टेशन के मैनेजर शिवम गोस्वामी के मुताबिक मंगलवार को 12 हजार लीटर तेल की आपूर्ति हुई थी, लेकिन अफवाह के चलते अचानक मांग कई गुना बढ़ गई। आम दिनों में जहां पांच से छह हजार लीटर प्रतिदिन बिक्री होती थी, वहीं बीते तीन दिनों से खपत दोगुनी हो गई है।अयोध्या
जिले में तेल की कमी की चर्चा फैलते ही लोगों में घबराहट बढ़ गई। रात से ही लोग गैलन में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचने लगे। बाइक और चार पहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जहां अधिकांश लोग टंकी फुल कराने में जुटे दिखे। इसी तरह विक्रमजोत, शंकरपुर, जमौलिया और छावनी क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर भी भीड़ का यही आलम है। दुबौलिया के खुशहालगंज स्थित राम-जानकी फिलिंग स्टेशन पर रात भर अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोग अतिरिक्त तेल का स्टॉक करने में जुटे रहे, जिससे पंपों पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई।बुधवार को रुधौली कस्बे में एक पेट्रोल पंप पर ‘नो-प्यूल’ का बोर्ड लगाने से लोगों की चिंताएं और बढ़ गई। वहीं महादेवा चौराहे के पास इंडियन ऑयल पंप पर बुधवार सुबह से ही ग्रामीणों की खूब भीड़ देखी गई, जहां गैलन में तेल भरवाने की होड़ मची रही। हालांकि लालगंज क्षेत्र के बारीघाट स्थित उदय गैस एजेंसी पर गैस वितरण सामान्य बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि तेल की वास्तविक कमी नहीं, बल्कि अफवाह के कारण कृत्रिम संकट की स्थिति बन रही है। प्रशासन से अपील की जा रही है कि अफवाहों पर रोक लगाकर स्थिति को सामान्य किया जाए।इस बाबत अशोक सिंह, अध्यक्ष, पेट्रोलियम एसोसिएशन बस्ती ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की सामान्य रूप से कोई क्राइसिस नहीं है। एचपीसीएल और आईओसीएल के पेट्रोल पंप नार्मल चल रहे हैं। बीपीसीएल ने अपने पेट्रोल पंपों ने वित्तीय भुगतान व्यवस्था में बदलाव किया है। इस बदलाव के कारण अस्थायी तौर पर कुछ पंप ड्राई हैं, लेकिन तेल की कमी के कारण नहीं है। स्थिति सामान्य है। डीजल और पेट्रोल के लिए किसी प्रकार परेशान होने की जरूरत नहीं है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन