Panic at Ayodhya Petrol Pumps Amid Rumors of Fuel Shortage अफवाह: पेट्रोल पंपों पर अचानक उमड़ी भीड़, बंद करने पड़े पंप , Ayodhya Hindi News - Hindustan
More

अफवाह: पेट्रोल पंपों पर अचानक उमड़ी भीड़, बंद करने पड़े पंप

Ayodhya News - अयोध्या में गैस की किल्लत के बीच पेट्रोल खत्म होने की अफवाह से मंगलवार को पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ गई। कुछ पंप बंद हो गए और हंगामा बढ़ गया। पेट्रोलियम एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि जिले में पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Tue, 24 March 2026 10:56 PMNewswrap हिन्दुस्तान, अयोध्या
share
अफवाह: पेट्रोल पंपों पर अचानक उमड़ी भीड़, बंद करने पड़े पंप

अयोध्या, संवाददाता। मध्य एशिया में जंग के बीच गैस की किल्लत के दौरान ही मंगलवार को पेट्रोल खत्म होने की अफवाह पर पंपों पर अचानक भीड़ उमड़ रही और मारा मारी की स्थिति उत्पन्न हो गयी। शहर में कुछ पेट्रोल पंपों ने भीड़ से परेशान होकर बंद कर दिये। पेट्रोलियम एसोसिएशन अयोध्या के अध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि जनपद में पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। सुबह लोड आ रहा है। वर्तमान में भी पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल डीजल उपलब्ध हैं। लेकिन मंगलवार को फैली अफवाह के कारण अचानक पेट्रोल पंपों पर भीड़ लग गई। भीड़ बढ़ी तो पहले पेट्रोल लेने को लेकर हंगामा होने लगा जिससे पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी।

हंगामा देखते हुए कुछ पेट्रोल पंपों को संचालकों ने बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि अयोध्या जनपद में कुल 180 हैं जिसमें 25 पंप शहर में हैं। इंडियन ऑयल, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप है।जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिले में तेल की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। जितनी सामान्य दिनों में होती थी उतनी ही लगभग आ रही है। गैस की बुकिंग और आपूर्ति में थोड़ा सा अंतर है। लेकिन जिले में डीजल पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। अफवाह फैलाने वाले सामने आते हैं तो उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।सोहावल संवाददाता के अनुसार सोहावल क्षेत्र में स्थापित पेट्रोल पंपों पर मंगलवार की शाम अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। अचानक भीड़ उमड़ने का कारण पेट्रोल खत्म होने की अफवाह बताई जा रही है। मां ज्वाला माई स्थान खिरौनी के पास स्थापित किसान सेवा केंद्र सुचित्तागंज पेट्रोल पंप पर मंगलवार की शाम पांच बजे के बाद भीड़ अचानक बढ़ गई। इसके बाद अभय पेट्रोल पंप सोहावल चौराहे पर लोग मोटर साइकिल लेकर दौड़ पड़े। अचानक भीड़ देख पेट्रोल पंप पर पांच सौ रूपये से अधिक का पेट्रोल देने पर पेट्रोल पंप मालिक ने मना कर दिया। 500 रुपए का तेल डलवाने के बाद आसपास के पेट्रोल पंप पर टंकी फुल करवाने लोग दौड़ पड़े। वहीं पेट्रोल पंप संचालक कहते रहे कि पेट्रोल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और आगे भी मिलता रहेगा। लेकिन दाम बढ़ने और तेल की आवक बंद होने की अफवाह को लेकर पेट्रोल भरवाने वालों में अफरा तफरी मची रही। किसान सेवा केंद्र सुचित्तागंज पेट्रोल टंकी के प्रबंधक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि तेल पर्याप्त मात्रा में है। एक टैंकर और रात में लग जाएगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।