इंदौर थार कांड की यादें ताजा; नशे में ट्रक ड्राइवर ने 3 बाइकों को मारी टक्कर, 5 घायल
इंदौर के खंडवा रोड पर सोमवार को नशे में धुत एक ट्रक ड्राइवर ने कहर बरपाते हुए तीन मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी जिसमें 5 लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।

इंदौर थार कांड की यादें ताजा हो गई हैं। इंदौर में सोमवार को नशे में धुत एक ट्रक चालक ने खंडवा रोड पर एक के बाद एक तीन मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी जिससे 5 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शहर में पहले भी शराब पीकर गाड़ी चलाने के कारण कई जानलेवा हादसे हो चुके हैं।
भंवरकुआं थाने के सब-इंस्पेक्टर डीएस चौहान ने बताया कि इंदौर-खंडवा रोड पर मिनी ट्रक के ड्राइवर ने सोमवार को एक के बाद एक तीन मोटरसाइकिलों को टक्कर मारी। इस दुर्घटना में घायल हुए पांच लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मिनी ट्रक चालक कथित तौर पर नशे में था। उसे हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। शहर में मालवाहक ट्रकों के चालकों के नशे की हालत में गाड़ी चलाने से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
बता दें कि हाल ही में भंवरकुआं थाना क्षेत्र में ही एक तेज रफ्तार थार कार ने पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद चालक भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। लोगों ने चालक और गाड़ी को पुलिस को सौंप दिया है। हादसे में किसी को चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक शराब के नशे में था। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया था।




साइन इन