'गौमूत्र से ठीक हुआ स्तन कैंसर'- साध्वी प्रज्ञा के चौंकाने वाले दावे पर क्या था डॉक्टर का जवाब?
साध्वी प्रज्ञा ने इस असाध्य रोग पर जीत दर्ज करते हुए कहा था कि उनका स्तन कैंसर गौ मूत्र से ठीक हुआ है। इस बयान की विज्ञान से लेकर राजनीतिक जगत में जोरों-शोरों से चर्चाएं हुई थीं।

भोपाल से भाजपा की सांसद रह चुकीं साध्वी प्रज्ञा मालेगांव विस्फोट मामले में बरी हो गई हैं। अपने बयानों को लेकर भी चर्चाओं में रहने वाली प्रज्ञा को स्तन कैंसर भी था, जिसे उन्होंने मात देते हुए बड़ा दावा किया था। साध्वी प्रज्ञा ने इस असाध्य रोग पर जीत दर्ज करते हुए कहा था कि उनका स्तन कैंसर गौ मूत्र से ठीक हुआ है। इस बयान की विज्ञान से लेकर राजनीतिक जगत में जोरों-शोरों से चर्चाएं हुई थीं। जानिए डॉक्टर ने इसे लेकर क्या बात कही थी।
मालेगांव धमाके के दौरान डिटेक्ट हुआ कैंसर
सबसे पहले आपको साध्वी प्रज्ञा के कैंसर के बारे में बताते हैं। साध्वी प्रज्ञा को साल 2008 में स्तन कैंसर डिटेक्ट हुआ था। इसी समय मालेगांव में बम धमाका भी हुआ था, जिसके आरोप में वह करीब नौ साल जेल में रही थीं। स्तन कैंसर का इलाज लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भी चला था।
गाय के मूत्र से ठीक हुआ कैंसर
साध्वी प्रज्ञा की जमानत का एक आधार ये भी था कि उन्हें स्तन कैंसर था। जेल से छूटने के बाद साल 2019 में साध्वी प्रज्ञा ने भोपाल लोकसभा से सांसदी का चुनाव लड़ा था। इस दौरान वो राजनीतिक मंचों पर काफी सक्रीय दिखाई दी थीं। उन्होंने कई बार सार्वजनिक मंचों से यह दावा किया कि उन्हें हुआ कैंसर 'गाय के मूत्र' और 'पंचगव्य चिकित्सा' से ठीक हुआ था।
मैंने एलोपैथी नहीं अपनाई, साध्वी
उन्होंने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि ‘मैंने ब्रेस्ट कैंसर को मात दी है। एलोपैथी नहीं अपनाई। मैंने पंचगव्य और गाय के मूत्र का सेवन किया और इससे मेरा कैंसर ठीक हो गया’। उनका यह बयान खासा विवादास्पद रहा और वैज्ञानिकों तथा चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच बहस का विषय भी बना।
गौ मूत्र वाले बयान पर क्या बोले डॉक्टर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक साध्वी के बयानों में विरोधाभास दिखाई देता है। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के कार्डियोथोरेसिक और वैस्कुलर सर्जन डॉ. एसएस राजपूत ने बताया था कि 2008 में प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अपने कैंसर के इलाज के लिए मास्टेक्टॉमी कराई थी। उन्होंने अपने स्तन कैंसर को ठीक करने के लिए दो बार ऑपरेशन करवाया था। डॉ. एसएस राजपूत ने साध्वी के गौ मूत्र वाले बयान को निराधार बताते हुए आलोचना भी की थी।
गौ मूत्र की सलाह पर डॉक्टर ने क्या कहा था
द प्रिंट से बातचीत में डॉक्टर एसएस राजपूत ने बताया कि मैं 2008 से उनका इलाज कर रहा था। साध्वी प्रज्ञा द्वारा गौ मूत्र से स्तन कैंसर ठीक होने के दावे पर बोले कि उन्होंने मुझसे आयुर्वेदिक दवाओं या गौ मूत्र लेने की सलाह मांगी थी, तो मैंने कह दिया था कि ये आपकी च्वाइस है। इसका नुकसान कोई नहीं है। फायदा हुआ तो अच्छी बात है। हम लोग ऐलोपैथी में इसको लेने की सलाह नहीं देते हैं।




साइन इन