bjp minister Kailash Vijayvargiya has a long list of controversial statements इंदौर पानी कांड पर भाजपा मंत्री के बिगड़े बोल…, कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयानों की है लंबी लिस्ट, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

इंदौर पानी कांड पर भाजपा मंत्री के बिगड़े बोल…, कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयानों की है लंबी लिस्ट

ये कोई पहली दफा नहीं हुआ है कि मंत्री ने विवादित बयान दिया हो। उनके पिछले बयानों को देखें तो मालूम चलता है कि उनका ऊट-पटांग बयानों से पुराना नाता रहा है। जानिए मंत्री ने कब-कब और क्या-कुछ विवादित कहा? 

Fri, 2 Jan 2026 03:51 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, इंदौर
share
इंदौर पानी कांड पर भाजपा मंत्री के बिगड़े बोल…, कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयानों की है लंबी लिस्ट

इंदौर में दूषित पानी पीने के कारण 13 लोगों की मौत होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि स्थानीय प्रशासन 4 मौतों की पुष्टि कर रहा है। इस मामले में जब एक पत्रकार ने भाजपा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से सवाल किया, तो वो भड़क गए। बोले- छोड़ो यार तुम फोकट के प्रश्न मत पूछो। फिर बोले- क्या घंटा होकर आए हो तुम.... ये कोई पहली दफा नहीं हुआ है कि मंत्री ने विवादित बयान दिया हो। उनके पिछले बयानों को देखें तो मालूम चलता है कि उनका ऊट-पटांग बयानों से पुराना नाता रहा है। जानिए मंत्री ने कब-कब और क्या-कुछ विवादित कहा?

फोकट का सवाल और घंटा गए हो तुम...

पुराने बयानों को परत दर परत खोलें, इससे पहले आपको ताजा बयान के बारे में बता देते हैं। दरअसल इंदौर में दूषित पानी से हो रही मौतों पर मीडिया सवाल पूछ रही थी। एक पत्रकार ने मंत्री से पूछा- बहुत से लोगों को रिफंड नहीं मिला है और पीने के पानी की ठीक से व्यवस्था भी नहीं है। इस पर मंत्री बोले- "छोड़ो यार तुम फोकट के प्रश्न मत पूछो।" पत्रकार ने कहा- ये फोकट का प्रश्न नहीं है। मैं अभी वहां होकर आया हूं। इस पर मंत्री बोले- "क्या... क्या होकर आए हो, घंटा होकर आए हो तुम।" पत्रकार लगातार कहता रहा- आप शब्दों का चयन ठीक कीजिए। ढंग से बात कीजिए, लेकिन मंत्री ने एक न सुनी और खुदको जायज ठहराते हुए वहां से रफा-दफा हो गए।

ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों पर विवादित बयान

ये तो रहा अभी का विवादित बयान। इससे पहले की बात करें तो कैलाश विजयवर्गीय ने अक्टूबर 2025 में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों के साथ हुई छेड़छाड़ और बदसलूकी पर विवादित बयान दिया था। मंत्री ने कहा था- "खिलाड़ियों को अपने होटल से निकलने से पहले अधिकारियों को सूचित करना चाहिए था।" उन्होंने इस घटना को अधिकारियों और क्रिकेटरों दोनों के लिए एक 'सबक' बताया था। इसकी काफी आलोचना हुई थी।

राहुल गांधी पर विवादित बयान

सितंबर 2025 में लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर गलत बयानबाजी की थी। कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी द्वारा अपनी बहन प्रियंका गांधी को सार्वजनिक जगह पर चूमने को गलत बताया था। मंत्री ने कहा था- “आज हमारे पास विपक्ष का नेता ऐसा है कि वह अपनी छोटी बहन को सबके सामने चूमता है। मैं आपसे पूछना चाहता हूं- क्या आप में से किसी ने अपनी छोटी या बड़ी बहन को सबके सामने चूमा है? यह मूल्यों और संस्कृति की कमी है। ये मूल्य विदेशी संस्कृति के हैं।”

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अपनी जवान बहन को चुंबन कर लेते हैं, राहुल गांधी में संस्कारों का अभाव: भाजपा
ये भी पढ़ें:इंदौर केस: ऐसे बच्चे सोनम बनते हैं, BJP मंत्री ने पूतना से किसकी करी तुलना?
ये भी पढ़ें:इंदौर में दूषित पानी पीने से 7 की मौत, भाजपा मंत्री ने मानी गलती; क्या बोले?

1947 में भारत को मिली कटी-फटी आजादी

ये तो रही लोगों के बारे में। कैलाश विजयवर्गीय ने देश की आजादी को लेकर भी ऊट-पटांग बयान दिए हैं। बीते साल अगस्त में उन्होंने 15 अगस्त 1947 को मिली भारत की आजादी को कटी-फटी बताया था। इसके साथ ही उन्होंने अखंड भारत के विजन की बात करते हुए दावा किया था- एक दिन ऐसा आएगा जब इस्लामाबाद में तिरंगा फहराया जाएगा, जिससे पूर्ण और एक भारत का सपना पूरा होगा।

छोटे कपड़े पहनने वाली लड़कियां शूर्पणखा

अप्रैल 2023 में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान लड़कियों के कपड़ों पर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा- अगर भारत में कोई लड़की अच्छे और सुंदर कपड़े पहनती है, अच्छा मेकअप करती है और गहनों से सजाती है तो उसे बहुत आकर्षक माना जाता है। लेकिन छोटे और खराब कपड़े पहनने वाली लड़कियां रामायण के एक किरदार शूर्पणखा जैसी दिखती हैं। इस तरह उन्होंने विदेशी बनाम भारतीय सुंदरता की परिभाषा दी थी, जिसकी काफी आलोचना हुई थी।

कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान

इस तरह आए दिन कैलाश विजयवर्गीय के इस तरह के विवादित बयान सामने आते रहते हैं। बाद में कुछ मामलों में वो माफी मांगते हैं, जबकि अन्य मामलों में दरकिनार करके निकल जाते हैं। विपक्ष लगातार सवाल करता है और उन्हें घेरने की कोशिश करता है, लेकिन मंत्री की तरफ से विवादित बयानबाजी जारी रहती है। नए मामले में भी मंत्री की तरफ से माफीनामा सामने आया है।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।