ट्विशा केस: सीन-रिक्रिएट करने गिरिबाला के घर पहुंची CBI, पुतला डंबल भी साथ लाई; आरोपी पति और सास भी मौजूद
एजेंसी के अधिकारी सीन रिक्रिएशन के जरिए यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर ट्विशा के साथ आखिरी कुछ मिनट में क्या हुआ था। समर्थ और गिरिबाला सिंह ने जो जानकारी दी है उसी के हिसाब से सीन रिक्रिएशन किया जा रहा है।

ट्विशा शर्मा मौत का सच जानने के लिए सीबीआई आरोपी पति समर्थ सिंह और रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह से लगातार कस्टडी में पूछताछ कर रही है। इस बीच सीबीआई की एक टीम समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को उस जगह लेकर पहुंची है जहां पर ट्विशा ने फंदे से लटक कर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।
जांच एजेंसी के अधिकारी सीन रिक्रिएशन के लिए घर पहुंचे हैं। सीबीआई पूरी तैयारी के साथ पहुंची है। इस दौरान एजेंसी अपने साथ डमी पुतला और वजन के लिए लिए डंबल लेकर आई है। जांच एजेंसी के अधिकारी सीन रिक्रिएशन के जरिए यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर ट्विशा के साथ आखिरी कुछ मिनट में क्या हुआ था। समर्थ और गिरिबाला सिंह ने जो जानकारी दी है उसी के हिसाब से सीन रिक्रिएशन किया जा रहा है।
80 किलोग्राम के डमी पुतले को लटका जाएगा
एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें सीबीआई के अधिकारी घर के उसी हिस्से पर मौजूद हैं जहां ट्विशा ने कथित तौर पर आत्महत्या की। इस दौरान सीबीआई अधिकारी फंदा लटकाते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल 80 किलोग्राम के डमी पुतले को लटका कर यह देखा जाएगा कि समर्थ ने ट्विशा के शव को कैसे नीचे उतारा होगा। दरअसल समर्थ ने पूछताछ के दौरान बताया था कि बेल्ट से लटके ट्विशा का शव उसने खुद नीचे उतारा था और फिर मां गिरिबाला ने फंदे की गांठ को खोला था।
बेल्ट की मजबूती का भी आकलन
सीन रिक्रिएशन के दौरान जांच एजेंसी बेल्ट की मजबूती का भी आकलन करती नजर आ रही है जिससे ये पता चल सके कि बेल्ट वजन सह सकती भी या नहीं। बता दें कि ट्विशा शर्मा ने कथित तौर पर आत्महत्या के लिए एक बेल्ट का इस्तेमाल किया था।
ट्विशा को सीपीआर देते नजर आया पति
ट्विशा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। ट्विशा का एक और वीडियो सामने आया था जिसमें वे 12 मई को 7 बजकर 20 मिनट पर अपने ससुराल में सीढ़ियों से छत पर जाती दिखाई दी थीं। इसके बाद उनका पति करीब 1 घंटे बाद अन्य दो लोगों के साथ ट्विशा को सीपीआर देते नजर आया था। आपको बता दें कि इस मामले में ट्विशा के परिवार ने समर्थ और उसकी मां पर दहेज के लिए कथित प्रताड़ना के बाद हत्या का आरोप लगाया हुआ है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन