‘अब किस पर भरोसा करें’… दूसरे पोस्टमार्टम से पहले ट्विशा के भाई का छलका दर्द
ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम होगा जिसके लिए दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की स्पेशल टीम का गठन किया गया है जो देर रात भोपाल पहुंच चुकी है। इससे पहले ट्विशा के भाई मेजर हर्षित ने आगे कहा कि ‘मुझे नहीं पता कि अब किस पर भरोसा करें।’

मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत की क्या वजह है इसको लेकर जल्द ही तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। ऐसा इसलिए क्योंकि आरोपी पति समर्थ सिंह 7 दिन की पुलिस रिमांड पर है तो वहीं सुप्रीम कोर्ट ने भी मामले पर स्वत:संज्ञान लिया है। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) की अगुवाई में तीन जजों की विशेष बेंच सोमवार को इस मामले में सुनवाई करेगी। ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम होगा जिसके लिए दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की स्पेशल टीम का गठन किया गया है जो देर रात भोपाल पहुंच चुकी है।
इस बीच ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने कहा है कि इस मामले में अगले 7 दिन (समर्थ की रिमांड) काफी महत्वपूर्ण हैं। हमने सीबीआई जांच की मांग की और उम्मीद है कि न्याय जरूर मिलेगा। एनडीटीवी के मुताबिक, ट्विशा के भाई ने समर्थ सिंह से बात नहीं की है और न ही वे उनसे बात करना चाहते हैं। मेजर हर्षित ने कहा ‘समर्थ ने ट्विशा की मौत के बाद किसी तरह का शोक प्रकट नहीं किया। मैंने उससे बात नहीं की है और न ही मैं करना चाहता हूं।’
ट्विशा के भाई ने घोर लापरवाही की बात कही
उन्होंने इस पूरे मामले में पुलिस जांच में लापरवाही को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पुलिस के कामकाज को लेकर कहा कि 'इस मामले में घोर लापरवाही नजर आ रही है। अक्सर मीडिया को पुलिस से पहले ही घटनाक्रम का पता चल जाता है।' मेजर हर्षित ने आगे कहा कि ‘मुझे नहीं पता कि अब किस पर भरोसा करें।’
पोस्टमार्टम पर संदेह जताया है
ट्विशा के परिवार ने भोपाल एम्स में हुए पोस्टमार्टम पर संदेह जताया है। इस वजह से कोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम करवाने के आदेश दिए हैं। परिवार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ट्विशा की हाईट 5 फीट 7 इंच बताई गई है जबकि असल में हाईट 5 फीट 7.3 इंच है।
दहेज के लिए प्रताड़ना के बाद हत्या?
ट्विशा के परिवार ने समर्थ और उसकी मां पर दहेज के लिए कथित प्रताड़ना के बाद हत्या का आरोप लगाया हुआ है। ट्विशा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। वहीं, ट्विशा की सास ने आरोप लगाया है कि ट्विशा नशीले पदार्थों की आदी थीं और उसका बर्ताव भी शादी के बाद बदल गया था। वहीं ट्विशा के परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही समर्थ का व्यवहार संदिग्ध था और वह ड्रग एडिक्ट है। आपको बता दें कि इस मामले में मध्य प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को केंद्र से सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन