मथुरा की तरह ओंकारेश्वर में भी पलटी नाव, 10 की बाल-बाल बची जान; 2 की हालत गंभीर
मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक नाव अचानक नर्मदा में पलट गई।

मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक नाव अचानक नर्मदा में पलट गई। नाव में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें से दो गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी श्रद्धालु रांची (झारखंड) के निवासी बताए जा रहे हैं।
नाव की पटिया टूटने से हुआ हादसा
खंडवा डीआईजी मनोज कुमार राय ने इस हादसा पर जानकारी देते हुए बताया की श्रद्धांलुओं की नाव की पटिया टूटने के कारण यह हादसा हुआ। श्रद्धालु ओंकारेश्वर नागर घाट से ओंकार पर्वत की परिक्रमा कर रहे थे, तभी अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और उसमें पानी भरने लगा। हालांकि मौके पर मौजूद नाविकों और गोताखोरों की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दो श्रद्धालु गंभीर, अस्पताल में भर्ती
घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक का नाम शुभम पाल बताया जा रहा है। घायलों को पहले सिविल हॉस्पिटल ओंकारेश्वर में प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सनावद अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और वे सुरक्षित हैं।
प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही मांधाता पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बाद सभी श्रद्धालुओं ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, जिसके चलते इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। यह सुरक्षा उपाय इस घटना में बेहद कारगर साबित हुआ।
नाव नंबर 225 की जांच शुरू
इस हादसे में शामिल नाव नंबर 225 की जांच मांधाता पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नाव की स्थिति कैसी थी और क्या उसमें पहले से कोई तकनीकी खराबी थी। गौरतलब है कि ओंकारेश्वर में इस तरह के हादसे पहले भी कई बार सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद नाव संचालन में लापरवाही के मामले लगातार सामने आते रहते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ अक्सर खिलवाड़ किया जाता रहा है।
नाविक संघ पर उठे सवाल, जांच के आदेश
नाविकों के खिलाफ जब भी प्रशासन कार्रवाई करता है, तब नाविक संघ एकजुट होकर दबाव बनाने लगता है। इस बार भी लापरवाही के आरोपों के बीच ऋषव गुप्ता ने मामले की गंभीर जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
इस हादसे के बाद एक बार फिर ओंकारेश्वर में नाव संचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन के लिए यह घटना चेतावनी है कि समय रहते ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
हरेंद्र नाथ ठाकुर की रिपोर्ट




साइन इन