एमपी में बिजली गिरने से 2 की मौत; आंधी, बारिश और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट
Madhya Pradesh Weather: एमपी में मौसम के खराब अलर्ट के बीच रीवा जिले में एक दुखद घटना घटी। यहां सेमरिया क्षेत्र के जंगल में महुआ बीनने गए दो मासूम भाई-बहन की आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक मौत हो गई।

MP Weather: मध्य प्रदेश में मौसम के बदलते मिजाज ने चिंता बढ़ा दी है जहां कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलों का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी बीच रीवा जिले के सेमरिया क्षेत्र से एक दुखद खबर आई है जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के भाई-बहन की जान चली गई। हादसा शनिवार सुबह तब हुआ जब दोनों डोरी जंगल में महुआ बीनने गए थे।
इन जिलों में गिर सकते हैं ओले, ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान नीमच, मुरैना, श्योपुर, सतना, कटनी, पन्ना, दमोह, मैहर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने और कहीं-कहीं ओले भी गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की स्पीड 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
इन जिलों में गरज चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, पांढुर्णा जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का येलो अलर्ट भी जारी किया है।
40 से 50 की स्पीड में चलेंगी हवाएं
इन जिलों में मौसम खराब रहने के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं भी चलने की चेतावनी दी है। झाबुआ जिले में हवा की स्पीड थोड़ी कम रहेगी लेकिन गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बिजली गिरने से रीवा में दो की मौत
वहीं रीवा के सेमरिया क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ जहां जंगल में महुआ बीनने गए 2 भाई-बहन की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। ग्राम हरदिया के रहने वाले राजन कोल और उनकी बहन सविता शनिवार सुबह डोरी जंगल गए थे तभी अचानक उन पर आकाशीय बिजली गिर गई। सविता की शादी इसी महीने 30 तारीख को होनी थी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है।
बीते 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटे पर नजर दौड़ाएं तो इस दौरान भोपाल और इंदौर संभागों में कुछ जगहों पर बारिश दर्ज की गई है। वहीं नर्मदापुरम, रीवा, जबलपुर और सागर संभागों में कुछ स्थानों पर बारिश हुई है। मध्य प्रदेश के अन्य संभागों में मौसम शुष्क रहा। मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस मंडला में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस राजगढ़ में दर्ज किया गया।
8 अप्रैल तक मौसम की बेरुखी
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 8 अप्रैल तक कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने या हल्की बारिश की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर-पश्चिमी भारत के अलग-अलग हिस्सों में भी गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है।




साइन इन