MP में युवक ने महिला को बर्बरता से पीटा; कांग्रेस ने आरोपी को बताया BJP नेता, बोली- यही है हकीकत
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ, लेकिन वह कहना भूल गए कि भाजपा नेताओं से ही बेटियों को बचाओ।

मध्य प्रदेश के सीधी जिले से महिला अत्याचार का एक मामला सामने आया है, जहां पर एक युवक बर्बरता से महिला की पिटाई करता दिखा है। यह घटना सिहावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम-बहरी में हुई, और इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वह युवक महिला को पीटता हुआ नजर आ रहा है। आरोपी युवक की पहचान संतोष पाठक के रूप में हुई है और कांग्रेस नेताओं ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए आरोपी युवक को भाजपा नेता बताया है, साथ ही इस घटना को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था और भाजपा सरकार के महिला सम्मान के दावों पर सवाल उठाया है।
आरोपी पर महिला की गुमठी हटवाने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ठेले पर गुमठी लगाकर अपना परिवार चलाती है। लेकिन कुछ दिन पहले आरोपी संतोष पाठक ने रात को चुपचाप उसकी गुमठी और ठेला दोनों सड़क से हटवाकर गायब कर दिया। जिसकी शिकायत महिला ने बहरी थाने में भी दर्ज कराई थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी बीच रविवार सुबह दोनों पक्षों का बाजार में आमना-सामना हो गया और उनके बीच विवाद होने लगा, जो धीरे-धीरे बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया।
लोगों ने महिला की पिटाई का वीडियो बना कर दिया वायरल
इस दौरान आरोपी युवक ने छड़ी व लात-घूंसों से महिला पर हमला करते हुए उसकी जोरदार पिटाई कर दी। हालांकि महिला ने भी बचाव की कोशिश की लेकिन वह उसकी ताकत के आगे नहीं ठहर पाई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें अलग करने की कोशिश नहीं की और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
कांग्रेस ने उठाया राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल
इस मारपीट को लेकर महिला की शिकायत मिलने पर स्थानीय बहरी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उधर कांग्रेस ने इस घटना को लेकर राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है और भाजपा के महिला सम्मान के दावों को खोखला बताया है।
कांग्रेस बोली- यही है लाड़ली बहना की हकीकत
घटना का वीडियो शेयर करते कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'मोहन बाबू के राज में “लाड़ली बहना” की हकीकत देखिए। अराजक सरकार के संरक्षण में मध्यप्रदेश की सिहावल विधानसभा में भाजपा नेता संतोष पाठक सरेआम एक महिला को बर्बरता से पीटते नज़र आ रहे हैं। यही है वह भाजपा, जो वोट के लिए मंचों पर बालिकाओं को पूजने का ढोंग करती है, और ज़मीन पर महिलाओं को रौंदने वालों को संरक्षण देती है। मोहन जी, आपके नाकारा गृह मंत्री क्या अब भी इस घटना की जिम्मेदारी से बचेंगे? अगर सत्ता में रत्ती भर भी नैतिकता शेष है, तो संतोष पाठक पर तुरंत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए।'
उधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ, लेकिन वह कहना भूल गए कि भाजपा नेताओं से ही बेटियों को बचाओ। आज सीधी में एक बहन के साथ भाजपा नेता द्वारा लाठी से बेरहमी से मारपीट की गई। पूरे प्रदेश में भाजपा नेताओं द्वारा बहनों के साथ मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं। सत्ता के अहंकार में भाजपा के गुंडे अब प्रदेश की बहनों पर अत्याचार करने को उतारू हो गए हैं। अब यही बहनें इन भाजपा नेताओं को सत्ता से बाहर कर जवाब देंगी।'
पटवारी ने आगे लिखा, 'मोहन यादव जी, आप प्रदेश के मुख्यमंत्री होने के साथ साथ गृह मंत्री भी हैं। हर एक महिला की सुरक्षा की जिम्मेदारी आपकी है, जिसमें आप लगातार विफल रहे हैं। आपसे आग्रह है कि अपनी पार्टी के नेता के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज करवाई जाए तथा उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।'




साइन इन