MP में तंत्र-मंत्र के नाम पर महिला से ठगी, 2 तोला सोने की चेन ले उड़े ठग; कमर में सुई चुभोकर की वारदात
MP के सतना जिले में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर महिलाओं को लूटने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इस दौरान आरोपियों ने कोलगवां थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर 45 वर्षीय एक महिला को अपना शिकार बनाया।

मध्यप्रदेश के सतना जिले में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर एक महिला के साथ ठगी करने का मामला सामने आया है। इस दौरान दो आरोपियों ने कोलगवां थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर शातिर ठगों ने 45 वर्षीय एक महिला को अपना शिकार बनाया। आरोपियों का तरीका बेहद शातिर था पहले उन्होंने भीड़ में महिला को कमर में सुई चुभोकर भ्रमित किया, फिर परिवार पर अनहोनी का डर दिखाकर उसकी 2 तोले की सोने की चेन उतरवा ली। इसके बाद ठगों ने महिला को 10 कदम पीछे चलने और माता का जयकारा लगाने को कहा। जब तक महिला पीछे मुड़ी, इतने में आरोपी चेन लेकर रफूचक्कर हो गए। संदिग्ध आरोपी सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए हैं, जिसके बाद उसी के आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। आरोपी जिस चेन को ले गए, उसकी कीमत करीब 3 लाख रुपए है।
पीड़ित महिला की पहचान 45 वर्षीय महिला सत्यवती शर्मा के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि फरियादी महिला जो कि सोहास कोटर गांव की रहने वाली है, गुरुवार दोपहर बस से सतना पहुंची थीं। वह यहां से अपने मायके जाने वाली थीं। जैसे ही वह पुराने राज परिवहन डिपो के पास पहुंचीं, 25-30 साल के दो युवक उसके पास आए और भीड़भाड़ का फायदा उठाते हुए उसकी कमर में सुई जैसी नुकीली चीज चुभा दी। सुई चुभते ही महिला का ध्यान भटका और वह कुछ पल के लिए सुध-बुध खो बैठीं।

बोले- घर में है भौतिक बाधा, आने वाला है बड़ा संकट
इसके बाद महिला की घबराहट का फायदा उठाकर दूसरे युवक ने उन्हें बातों में उलझा लिया। उसने कहा- माताजी, आपके घर में बड़ी 'भौतिक बाधा' है, परिवार पर भारी संकट आने वाला है। यह सुनकर महिला डर गई और ठगों ने तंत्र-मंत्र से इस समस्या को दूर करने का झांसा दिया। इसी दौरान जालसाजों ने महिला से गले में पहनी 2 तोले की सोने की चेन उतारने और उसे एक रूमाल में रखने को कहा। इस दौरान महिला सम्मोहन जैसी स्थिति में आकर उनकी बात मान रही थी, फिर आरोपियों ने वह चेन वाला रूमाल अपने हाथ में लेकर महिला से कहा- अब 10 कदम पीछे चलो और जोर से माता का जयकारा लगाओ, सारा संकट कट जाएगा।
जैसे ही 10 कदम पीछे जाकर मुड़ी महिला, ठग हो गए गायब
ठगों की बातों में आकर सत्यवती जैसे ही उल्टे पैर 10 कदम पीछे चलीं और जयकारा लगाया, दोनों युवक मौका पाकर वहां से भाग निकले। जब महिला ने पलटकर देखा, तो दोनों ठग फरार हो चुके थे और वह सोने की चेन वाला रूमाल भी उनके पास था। ठगी का अहसास होने पर महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

CCTV के आधार पर आरोपियों को तलाश रही पुलिस
घटना के अगले दिन शुक्रवार को पीड़िता ने कोलगवां थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना को लेकर सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 'पीड़ित महिला सत्यवती शर्मा अपने गांव से मायके जा रही थीं। तभी बस स्टैंड के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें घर में अनिष्ट होने का डर दिखाकर ठगी की है और उनकी सोने की चेन लेकर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध महिला के आसपास घूमते दिख रहे हैं, हमारी टीमें उनकी तलाश कर रही हैं।'




साइन इन