एमपी में 7 साल की बच्ची का रेप, फिर कर दिया मर्डर; नाबालिग रिश्तेदार गिरफ्तार
आरोप है कि इस हैवानियत भरी घटना को बच्ची के रिश्तेदार द्वारा अंजाम दिया गया है। आरोपी नाबालिग है। उसकी उम्र 17 साल बताई जा रही है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।

मध्य प्रदेश के बड़वानी से 7 साल की बच्ची से रेप के बाद हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस हैवानियत भरी घटना को बच्ची के रिश्तेदार द्वारा अंजाम दिया गया है। आरोपी नाबालिग है। उसकी उम्र 17 साल बताई जा रही है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। अब तक की जानकारी के मुताबिक, आरोपी लड़के ने पहले उसका रेप किया फिर हत्या करके लाश नहर में फेंक दी।
नहर में लाश होने की सूचना
पुलिस सुपरिटेंडेंट जगदीश डावर के मुताबिक, बड़वानी जिले के राजपुर पुलिस स्टेशन एरिया के एक गांव के लोगों से नहर में लाश मिलने की सूचना मिली थी। 26 जनवरी को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने इंदिरा सागर नहर से बच्ची का शव बरामद किया था।
रेप-मर्डर और 17 साल का आरोपी
पुलिस अफसर ने बताया- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के प्राइवेट पार्ट्स पर गंभीर चोटें बताई गई हैं। बच्ची की मौत की वजह, पानी में डूबना बताया गया है। डावर ने कहा कि रेप-मर्डर के सिलसिले में बच्ची के करीबी रिश्तेदार 17 साल के लड़के को हिरासत में लिया गया है।
नहर पर ले जाकर की दरिंदगी
अधिकारी के मुताबिक, लड़के ने पुलिस को बताया कि उसने 25 जनवरी की रात को लड़की को उसके घर से किडनैप किया था। उस समय घरवाले सो रहे थे, तभी वह लड़की को पास की एक नहर पर ले गया और उसके साथ हैवानियत भरी वारदात को अंजाम दिया।
बच्ची चिल्लाई, तो पानी में फेंक दिया
जब लड़की सेक्शुअल असॉल्ट के दौरान चिल्लाने लगी, तो नाबालिग लड़के ने कथित तौर पर उसे मारने के इरादे से नहर में फेंक दिया। इसके बाद वो वहां से फरार हो गया।इस बीच बच्ची अपने आपको बचाने में नाकामयाब रही और उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई।
हिरासत में लिए गए नाबालिग को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस अफसर ने बताया- प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्शुअल ऑफेंस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया गया है और जांच चल रही है।




साइन इन