हर तरफ बिखरी थीं लाशें…; अजित पवार विमान हादसे ने ताजा किए अहमदाबाद प्लेन क्रैश के जख्म
जून 2024 में हुए भीषण अहमदाबाद प्लेन क्रैश की भयावह तस्वीरें एक बार फिर लोगों की आंखों के सामने घूमने लगीं। इस हादसे ने न सिर्फ गुजरात बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। आज हुए विमान हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हो गई है।

महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे की खबर सामने आते ही अहमदाबाद प्लेन क्रैश की पुरानी यादें फिर से हरी हो गईं। जून 2024 में हुए भीषण अहमदाबाद प्लेन क्रैश की भयावह तस्वीरें एक बार फिर लोगों की आंखों के सामने घूमने लगीं। इस हादसे ने न सिर्फ गुजरात बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। आज हुए विमान हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हो गई है।
अहमदाबाद हादसे की भयावहता आज भी ताजा
12 जून 2024 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, लेकिन टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल परिसर पर गिर गई थी। विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई थी, जबकि जमीन पर मौजूद 19 लोगों ने भी अपनी जान गंवाई थी। यह हादसा देश के सबसे बड़े विमान हादसों में से एक था।
शाहिबाग निवासी व्यापारी राजेश पटेल, जो उस वक्त सबसे पहले मौके पर पहुंचने वालों में शामिल थे, बताते हैं- “आज महाराष्ट्र में प्लेन क्रैश की खबर सुनकर वही दृश्य आंखों के सामने घूम गए। ऐसा लगा जैसे फिर से वही दिन लौट आया हो।” राजेश पटेल का घर हादसे की जगह से महज 500 मीटर दूर है। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें लगा कोई बड़ा धमाका हुआ है, लेकिन कुछ ही देर में खबर मिली कि विमान क्रैश हो गया है। वे अपनी टीम के साथ 10 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
आग, धुआं और बिखरी लाशें
पटेल के अनुसार, वहां हर तरफ आग लगी हुई थी। जले हुए ईंधन की तीखी गंध फैली थी। तेज गर्मी और धुएं के कारण कुछ देर तक इलाके में घुसना भी मुश्किल था। प्लेन में रह-रहकर एविएशन फ्यूल के कारण बार-बार छोटे-मोटे धमाके हो रहे थे। इसके चलते हॉस्टल कैंटीन में रखे गैस सिलेंडरों के फटने का भी डर बना हुआ था। “हमें एक भी शव सही हालत में नहीं मिला। सिर्फ जली हुई हड्डियां और मांस के टुकड़े थे।”
बारामती हादसे ने खोले पुराने जख्म
अजित पवार की मौत की खबर ने उन परिवारों के जख्म फिर से खोल दिए, जिन्होंने अहमदाबाद हादसे में अपने अपनों को खोया था। डीजीसीए के अनुसार, बुधवार सुबह पुणे जिले के बारामती एयरपोर्ट पर एक लियरजेट 46 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई। विमान वीआईपी उड़ान पर था।
फिर उठे सुरक्षा पर सवाल
दो बड़े विमान हादसों ने एक बार फिर देश में विमानन सुरक्षा, एयरस्ट्रिप सुविधाओं और वीआईपी उड़ानों के प्रोटोकॉल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि हर हादसे से सीख लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियां न दोहराई जाएं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन