311 Endangered Turtles Seized From AC First-Class Coach In Bhopal भोपाल में AC कोच से बरामद हुए 311 दुर्लभ कछुए, रेलवे कर्मचारी की मदद से हो रही थी तस्करी?, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

भोपाल में AC कोच से बरामद हुए 311 दुर्लभ कछुए, रेलवे कर्मचारी की मदद से हो रही थी तस्करी?

मध्य प्रदेश स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (STSF) ने रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) और भोपाल वन मंडल के साथ संयुक्त कार्रवाई में 19322 पटना-इंदौर एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच से 311 दुर्लभ और संरक्षित कछुए बरामद किए।

Sat, 14 Feb 2026 04:17 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल
share
भोपाल में AC कोच से बरामद हुए 311 दुर्लभ कछुए, रेलवे कर्मचारी की मदद से हो रही थी तस्करी?

भोपाल में वन्यजीव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। मध्य प्रदेश स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (STSF) ने रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) और भोपाल वन मंडल के साथ संयुक्त कार्रवाई में 19322 पटना-इंदौर एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच से 311 दुर्लभ और संरक्षित कछुए बरामद किए। यह कार्रवाई संत हिरदाराम रेलवे स्टेशन पर की गई।

कोच अटेंडेंट की मदद से तस्करी

जांच में सामने आया कि यह अंतरराज्यीय गिरोह उत्तर प्रदेश की नदियों, खासकर गंगा और गोमती व उनकी सहायक धाराओं से कछुओं को पकड़कर एसी फर्स्ट क्लास कोच के जरिए मध्य प्रदेश लाता था। आरोप है कि कोच अटेंडेंट (रेलवे कर्मचारी) की मदद से कछुओं को छिपाकर ले जाया जाता था। बरामद कछुए कोच अटेंडेंट अजय सिंह राजपूत के कब्जे से मिले, जो कथित तौर पर गिरोह के लिए कूरियर का काम कर रहा था।

बेहद खराब कंडीशन में कैद थे कछुए

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक- जब्त प्रजातियों में क्राउन रिवर टर्टल, इंडियन टेंट टर्टल और इंडियन रूफ्ड टर्टल शामिल हैं। ये सभी वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित हैं। अधिकारियों के मुताबिक कछुओं को बेहद खराब और दमघोंटू परिस्थितियों में पैक किया गया था, जिससे कई निर्जलित और तनावग्रस्त हो गए थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जमीन पर राइफल टिकाकर पेट में मारी गोली, 95 साल के बुजुर्ग ने की आत्महत्या
ये भी पढ़ें:इंदौर जल त्रासदी: दूषित पानी से 2 साल की सिया की मौत, बिलखता परिवार पूछ रहा सवाल
ये भी पढ़ें:मरुधर: राजस्थान का सूखता भूजल: जमीन के नीचे बचा कितना पानी, कितना गहरा है संकट?

बड़े नेटवर्क के खुलासे की संभावना

आगे की जांच में टीम उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंची, जहां साढ़े 17 वर्षीय एक किशोर को हिरासत में लेकर भोपाल के सुधार गृह भेजा गया। अधिकारियों का कहना है कि यह नेटवर्क लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, सुल्तानपुर और अमेठी जैसे जिलों में सक्रिय था।

गिरोह का मास्टरमाइंड देवास निवासी आसिफ खान बताया जा रहा है, जिसे 10 फरवरी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में वित्तपोषकों और गुजरात-महाराष्ट्र तक फैले नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

तस्करी करने वाले को क्या सजा मिलती है

विशेषज्ञों का कहना है कि कछुए जलीय पारिस्थितिकी तंत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनके अवैध शिकार से नदियों का संतुलन बिगड़ता है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित प्रजातियों की तस्करी पर सात साल तक की सजा और न्यूनतम 25 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान है। अधिकारियों के अनुसार, रेलवे मार्गों का इस्तेमाल कर कई वर्षों से यह रैकेट संचालित हो रहा था। हालिया कार्रवाई से बड़े नेटवर्क के उजागर होने की उम्मीद है।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।