MP में 11 साल के मासूम की हंसिया से गला रेतकर हत्या, नीले ड्रम में लाश छिपाकर कातिल फरार
Madhya Pradesh murder news: हत्यारे ने न केवल मासूम का गला रेता, बल्कि सबूत छिपाने के इरादे से लाश को घर के भीतर एक नीले ड्रम में ठूंस दिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।

Madhya Pradesh murder news: मध्यप्रदेश के सतना जिले से एक रूह कपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ कोलगवां थाना क्षेत्र की बैंक कॉलोनी में एक 11 वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारे ने न केवल मासूम का गला रेता, बल्कि सबूत छिपाने के इरादे से लाश को घर के भीतर एक नीले ड्रम में ठूंस दिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस जब घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई, तो वहां का मंजर देखकर अनुभवी अफसरों के भी पैर कांप गए।
दीवारों पर खून के छींटे
मृतक की पहचान 5वीं कक्षा के छात्र शिवराज रजक (11) के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर जब शिवराज की मां आशा रजक काम से घर लौटीं, तो दरवाजा बाहर से बंद मिला और बेटा लापता था। अनहोनी की आशंका पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जब ताला तोड़ा, तो अंदर बिस्तरों पर रखा तकिया खून से सराबोर था और दीवारों पर खून के छींटे पड़े थे। फर्श पर पड़े खून के निशानों का पीछा करते हुए जब पुलिस कमरे के कोने में रखे नीले प्लास्टिक के ड्रम तक पहुँची, तो उसके भीतर शिवराज का लहूलुहान शव बरामद हुआ।
हंसिया से रेता मासूम का गला
पुलिस जांच में प्राथमिक रूप से पड़ोस में रहने वाले मथुरा रजक (45) का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी मथुरा, जो कॉलोनी में कपड़ों पर प्रेस की दुकान चलाता है, का कुछ दिनों पहले बच्चे के पिता रमेश रजक से विवाद हुआ था। आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपी ने सोमवार दोपहर मासूम को घर में अकेला पाकर हंसिया से उसका गला रेत दिया।

सूने घर में मिली मौत, पिता हैं नासिक में
घटना के समय शिवराज घर पर बिल्कुल अकेला था। उसकी बहन कॉलेज गई थी, भाई मजदूरी पर था और माँ भी काम के सिलसिले में बाहर थीं। बच्चे के पिता रमेश रजक फिलहाल महाराष्ट्र के नासिक में मजदूरी करते हैं। परिजनों ने बताया कि करीब 10 दिन पहले पिता घर आए थे, तब भी किसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था, जिसके बाद वे अपने गांव नयागांव चले गए थे। इसी पारिवारिक अनुपस्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।


फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
वारदात के बाद से ही मुख्य आरोपी मथुरा रजक फरार है। उसने अपनी प्रेस की दुकान बंद कर दी है और उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है। कोलगवां थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में कई टीमें रवाना की हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्याकांड की असली वजह और पूरी साजिश का खुलासा हो सकेगा।इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरी बैंक कॉलोनी में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने क्या बताया…
एडिशनल एसपी शिवेश सिंह बघेल ने बताया कि थाने में सूचना मिली थी कि 11 वर्षीय बालक घर पर नही है। पुलिस ने मौके पर पहुच कर घर में देखा तो घर मे ताला लगा हुआ था। घर मे अंदर जाकर देखा गया तो ड्रम के अंदर बच्चे का शव मिला है। जिसमे धारदार हथियार से उसका गला काटा गया है। हमारी सभी टीम जांच कर रही है।प्रथम दृष्टया हत्या का अपराध है।हमारी तीन टीमें रवाना कर दी गयी है। पुलिस मामले पर आंगे की जांच में जुटी हुई है।




साइन इन