Vrat Recipe: व्रत में बनाएं मखाना उत्तपम, खाने में टेस्टी और बनाने में आसान
चैत्र नवरात्रि में माता के भक्त व्रत रखकर दवी मां की आराधना करते हैं। इस दौरान भक्त सात्विक खाना खाते हैं। ऐसे में व्रत के दौरान आप कुछ फलाहारी खाना चाहते हैं तो मखाना उत्तपम बनाकर खाएं। सीखिए रेसिपी

नवरात्रि के दौरान नौ देवियों के स्वरूपों की पूजा की जाती है। इस समय पर घरों में एक अलग तरह की ऊर्जा महसूस होने लगती है। सुबह की आरती, धूप की खुशबू और मन में श्रद्धा एक खास माहौल बना देती है। इस दौरान लोग 9 दिनों तक देवी की पूजा करते हैं और उपवास भी रखते हैं। नवरात्रि का आज यानी 25 मार्च को सातवा दिन है। अगर आज आपका उपवास है और कुछ हेल्दी और टेस्टी खाना चाहते हैं तो मखाना उत्तपम बनाकर खाएं। ये फलाहारी रेसिपी आसानी से बन जाती है और स्वाद में काफी अच्छी लगती है। यहां सीखिए मखाना उत्तपम बनाने का तरीका-
मखाना उत्तपम बनाने की सामग्री
मखाना उत्तपम बनाने के लिए आपको चाहिए दो कप मखाना, एक कप समा चावल, एक मुट्ठी साबूदाना, एक कप दही, दो हरी मिर्च, एक टुकड़ा अदरक, स्वादानुसार सेंधा नमक,कद्दूकस गाजर, बारीक कटा शिमला मिर्च, बारीक कटा टमाटर, बारीक कटी धनिया पत्ती, कुछ करी पत्ते, कद्दूकस किया हुआ पनीर और घी।
मखाना उत्तपम बनाने की विधि
मखाना उत्तपम बनाने के लिए एक पैन गर्म करें और फिर इसमें मखाना, समा चावल और साबूदाना को हल्का सेक लें। फिर इन सभी चीजों को पीसकर पाउडर बना लें। फिर इस पाउडर को दही, अदरक और हरी मिर्ची के साथ ब्लेंड कर लें। अच्छे से ब्लेंड करने के बाद इसे एक बर्तन में निकालें और इसमें सेंधा नमक डालें और फिर कुछ देर के लिए रख दें। फिर एक तवा गर्म करें। अब थोड़ा बैटर तवे पर डालें और गोल घुमाएं। इसके ऊपर सभी सब्जियां कड़ी पत्ता और हरा धनिया डालें। दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन होने तक सेक लें। कोशिश करें कि आप उत्तपम को नॉन स्टिक तवे पर बनाएं ताकी ये चिपके नहीं। ध्यान रखें मखाना, सामक चावल और साबूदाना को ड्राई रोस्ट करना। बैटर की कंसीस्टेंसी बनाने के लिए आप थोड़ा पानी मिला सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन