PM मोदी भी हुए जिसके मुरीद! घर पर ऐसे बनाएं कोलकाता की मशहूर 'झालमुड़ी', नोट करें रेसिपी
Viral Jhalmuri Recipe: पीएम मोदी का झालमुड़ी खाते वीडियो वायरल होते ही ये स्ट्रीट फूड चर्चा में आ गया है। चटपटा और झटपट बनने वाला ये स्नैक अब लोग घर पर भी ट्राई कर रहे हैं। सही तरीके से बनाएं तो 5 मिनट में कोलकाता जैसा स्वाद मिल सकता है।

कोलकाता का फेमस स्ट्रीट फूड झालमुड़ी सुर्खियों में बना हुआ है, जिसकी वजह बड़ी दिलचस्प है। दरअसल पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करते हुए पीएम मोदी का एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीएम मोदी झालमुड़ी का लुफ्त उठाते दिख रहे हैं। ये स्ट्रीट फूड ना सिर्फ मिनटों में बनता है, बल्कि इतना चटपटा और स्वादिष्ट होता है कि एक बार खाने पर मन ही नहीं भरता। कमाल की बात ये है कि इसे आप घर पर ही बना सकते हैं, वो भी आसानी से। शाम को कुछ हल्का-फुल्का खाना हो या बच्चे कुछ चटपटा खाने की जिद करें, बाहर के अनहेल्दी स्नैक्स खाने की जगह झालमुड़ी बनाकर सर्व करें। बिल्कुल कोलकाता की स्ट्रीट वाला स्वाद आए, इसके लिए आप ये रेसिपी फॉलो कर सकते हैं।
कोलकाता स्पेशल झालमुड़ी बनाने के लिए सामग्री
कोलकाता की स्पेशल झालमुड़ी को खास बनाता है उसका भाजा मसाला, जिसे आप एक तरह का बंगाली चाट मसाला भी कह सकते हैं। इसके बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- जीरा (1 चम्मच), सौंफ (1 चम्मच), धनिया के बीज (1 चम्मच), हरी इलायची (2-3), चुटकी भर नमक।
अब झालमुड़ी के लिए आपको ये सामग्री चाहिए होंगी- मुरमुरा (1 कप), चना जोर गरम (2 चम्मच), सेव (2 चम्मच), हरी मिर्च, उबला हुआ सफेद चना (1 चम्मच), काला चना (1 चम्मच), कटी हुई प्याज (2 चम्मच), कटा हुआ टमाटर (2 चम्मच), भाजा मसाला (1 चम्मच), आधा उबला हुआ आलू, अचार से निकला हुआ सरसों का तेल (2 चम्मच), नमक (स्वादानुसार), ताजा नारियल (1 चम्मच)।
झालमुड़ी बनाने का स्टेप बाय स्टेप तरीका
- सबसे पहले भाजा मसाला बनाकर तैयार कर लें। इसके लिए एक पैन में जीरा, सौंफ, साबुत धनिया, हरी इलायची को एक पैन में ड्राई रोस्ट कर लें। इसे मीडियम आंच पर भूनना है, जबतक मसालों की खुशबू ना आने लगे। अब इसमें थोड़ा सा नमक भी मिला दें और मसाले को 80% रोस्ट कर लें। इसके बाद इसे मिक्सर में डालकर पीस लें।
- मुरमुरे एकदम क्रिस्पी-करारे रहें, इसके लिए इन्हें या तो माइक्रोवेव में 30 सेकंड के लिए रख दें या फिर पैन में हल्का सा ड्राई रोस्ट कर लें। इससे इनकी नमी बिल्कुल निकल जाएगी।
- अब आपको सभी चीजें एक साथ मिक्स कर लेनी हैं। इसके लिए एक बर्तन में मुरमुरे लें, उसमें चना जोर गरम, सेव, कटी हुई हरी मिर्च, उबली हुई सफेद मटर, भिगोकर रखा हुआ काला चना, कटी हुई प्याज और टमाटर, भाजा मसाला, कटा हुआ उबला आलू मिलाएं।
- झालमुड़ी को मिक्स करने के लिए सादा सरसों का तेल नहीं, बल्कि आम के अचार का तेल इस्तेमाल करें। इससे काफी चटपटा सा फ्लेवर आता है, जो खूब टेस्टी लगता है। अब इसमें सादा नमक डालें और साथ ही ताजा कटा हुआ नारियल भी मिलाएं। सभी चीजें अच्छे से मिक्स करें, बिल्कुल कोलकाता स्ट्रीट स्टाइल झालमुड़ी बनकर तैयार है।
(Images Credit- Instagram, Pinterest)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन