कच्चे आम और टमाटर की चटनी एक बार ऐसे बनाकर देखें, 2 की भूख में 4 रोटी खा लेंगे घरवाले!
Viral Chutney Recipe: गर्मियों में कच्चे आम की चटपटी सी चटनी खूब टेस्टी लगती है। एक बार अगर आपने इस तरह से चटनी बना ली, तो घरवाले हर दूसरे दिन इसी की डिमांड करेंगे। घी लगी हुई रोटी के साथ तो ये और भी ज्यादा स्वाद लगती है।

कई बार कुछ चटपटा सा खाने की क्रेविंग होती है। कुछ ऐसा जो पेट भी भर दे और फटाफट भी बन जाए। खासतौर से गर्मियों में रसोई में घंटों खड़े रहना किसी को नहीं पसंद। ऐसे में जल्दी बनने वाली डिशेज सबको पसंद आती हैं, जिनमें से एक है चटनी। अब चटनी तो आपने कई तरह की खाई होंगी, लेकिन कच्चे आम की चटनी का कोई मुकाबला नहीं है। इसका हल्का खट्टा और चटपटा सा स्वाद हर किसी को खूब पसंद आता है। साथ में घी लगी हुई रोटियां, पराठे या चावल कुछ भी हों, कच्चे आम की चटनी के साथ स्वाद बढ़ जाता है। इसे बनाने के भी अलग-अलग तरीके हैं, लेकिन आज हम आपके साथ बिल्कुल देसी स्टाइल टमाटर और कच्चे आम की चटनी की रेसिपी शेयर कर रहे हैं। इंस्टाग्राम पर सुनीता जी ने ये रेसिपी साझा की है, जो आपको एक बार जरूर ट्राई करनी चाहिए।
कच्चे आम की चटनी बनाने के लिए सामग्री
कच्चे आम की ये टेस्टी और चटपटी सी चटनी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- टमाटर (4-5, मीडियम साइज), कच्चा आम (1-2), लहसुन की कलियां (10-15), हरी मिर्च (2-3), नमक (स्वादानुसार), लाल मिर्च (स्वादानुसार), पिसी हुई चीनी (1 चम्मच), बारीक कटी हुई प्याज, तेल।
कच्चे आम और टमाटर की चटपटी सी चटनी ऐसे बनाएं
गर्मियों में खाना बनाने का मन ना हो या रोटी के साथ कुछ चटपटा सा खाना हो, तो ये टमाटर और कच्चे आम की चटनी आपको जरूर ट्राई करनी चाहिए। इसे बनाने का तरीका थोड़ा सा अलग है, जिससे टेस्ट काफी अच्छा आता है। इसके लिए सबसे पहले आपको टमाटर को अच्छे से धो लेना है और बीच में से काट कर दो भाग कर लेने हैं। इसी तरह आपको कच्चे आम को भी बीच में से काट लेना है। ध्यान रहे इनके छिलके अभी नहीं हटाने हैं।
अब गैस पर एक तवा या पैन चढ़ाएं और उसमें सरसों का तेल डालकर गर्म होने दें। तेल के गर्म होते ही टमाटर और कच्चे आम को एक-एक कर के तवे पर रख दें, ताकि ये तेल में अच्छे से फ्राई हो सकें। तेल की मात्रा थोड़ी ज्यादा ही रखें ताकि सभी चीजें अच्छी तरह फ्राई हो सकें। अब इनमें छिली हुई लहसुन की कलियां, हरी मिर्च और स्वादानुसार नमक डालकर ढक दें और धीमी आंच पर 10-12 मिनट के लिए पकने छोड़ दें।
पकने के बाद टमाटर और बाकी चीजें एकदम सॉफ्ट हो जाएंगी। अब आपको टमाटर का छिलका निकाल लेना है और कच्चे आम को दूसरी कटोरी में रखना है। टमाटर, हरी मिर्च और लहसुन की कलियों को एक साथ कूटकर पीस लें, फिर पके हुए कच्चे आम का पल्प इसमें एड करें। सभी चीजों को अच्छी तरह पीसें, साथ में थोड़ी सी लाल मिर्च और जरूरत के हिसाब से नमक भी डाल सकती हैं। चटनी के खट्टेपन को बैलेंस करने के लिए थोड़ी सी पिसी हुई चीनी भी एड कर सकती हैं।
अब सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें, टमाटर और कच्चे आम की चटनी बनकर तैयार है। चटनी के ऊपर आप बारीक कटी हुई प्याज भी एड कर सकती हैं, इससे चटनी का स्वाद काफी ज्यादा बढ़ जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन