सिर्फ 2 गिलास दूध से बनाएं आधा किलो गाढ़ी-लच्छेदार रबड़ी, 6-7 मिनट में होगी तैयार!
Instant Rabdi Recipe: आपको भी गाढ़ी-लच्छेदार रबड़ी खाना पसंद है, तो ये वाली रेसिपी आपको जरूर ट्राई करनी चाहिए। दूध में बस 1 सीक्रेट इंग्रीडिएंट मिलाना है और 6 से 7 मिनट में ही टेस्टी हलवाई जैसी रबड़ी बनकर तैयार हो जाएगी।

मौसम कोई भी हो, कुछ मीठा खाने की क्रेविंग तो हमेशा होती है। ठंड में जहां लड्डू-पंजीरी बनते हैं, वहीं गर्मियों में ठंडी-ठंडी रबड़ी खाने का अलग ही मजा है। गाढ़ा दूध और मलाईदार परतों से बनी रबड़ी बच्चों से ले कर बड़ों तक सभी को पसंद आती है। यूं तो घर पर रबड़ी बनाना आसान है, लेकिन इसमें झंझट काफी लगता है। घंटों गैस पर दूध को पकाना, फिर थोड़े से दूध में कहीं जा कर एक कटोरी रबड़ी तैयार होती है। लेकिन आज जो तरीका हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं, उसे फॉलो कर के आप महज कुछ मिनटों में ही गाढ़ी लच्छेदार रबड़ी बनाकर तैयार कर सकती हैं। सिर्फ दो किलो दूध में काफी अच्छी मात्रा में रबड़ी बन जाएगी, जो आपकी पूरी फैमिली एंजॉय कर सकती है। कोई मेहमान आ जाए तो मीठे में आप रबड़ी भी सर्व कर सकती हैं। आइए फटाफट से रेसिपी देख लेते हैं।
रबड़ी बनाने के लिए सामग्री
घर पर गाढ़ी लच्छेदार रबड़ी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- फुल क्रीम दूध (500 ml, लगभग दो गिलास), चीनी (1 कप), सफेद ब्रेड (3) और अपने मनपसंद ड्राई फ्रूट्स।
घर पर लच्छेदार रबड़ी बनाने का तरीका
रबड़ी बनाना बिल्कुल आसान है लेकिन कुछ छोटी-छोटी बातें हैं, जिन्हें ध्यान में रखकर आप परफेक्ट हलवाई जैसी रबड़ी बना सकती हैं। सबसे पहले तो रबड़ी बनाने के लिए हमेशा मोटी तली की कढ़ाही इस्तेमाल करें।अब इसपर किसी ब्रश या हाथों की मदद से थोड़ा सा देसी घी लगा लें, इससे रबड़ी बिल्कुल भी नहीं चिपकेगी।
इसके बाद कढ़ाही में दूध डालें। रबड़ी बनाने के लिए हमेशा गाढ़ा फुल क्रीम दूध ही इस्तेमाल करें। हाई फ्लेम पर इसमें एक उबाल आने दें। उबाल आने के बाद गैस की आंच बिल्कुल धीमी कर दें, फिर इसमें सिर्फ दो चम्मच चीनी मिलाएं और अच्छे से घुलने तक पकाएं। अब 2-3 मिनट के लिए दूध को लो फ्लेम पर पकने के लिए छोड़ दें।
इस सीक्रेट इंग्रीडिएंट से जल्दी गाढ़ी होगी रबड़ी
रबड़ी को जल्दी गाढ़ा करने के लिए आप सफेद वाली ब्रेड का इस्तेमाल कर सकती हैं। बहुत ज्यादा ब्रेड ना डालें, सिर्फ 3 काफी हैं और हां, ये हमेशा ताजी होनी चाहिए। इन्हें छोटे टुकड़ों में तोड़ लें और मिक्सर में पीसकर एक फाइन पाउडर तैयार कर लें। दूध को पकते-पकते 2-3 मिनट हो जाएं तो उसमें ये ब्रेड का पाउडर एड कर दें। आप देखेंगी कि दूध गाढ़ा और दानेदार सा होना शुरू हो जाएगा।
चीनी मिलाने का सही तरीका जानें
रबड़ी में चीनी मिलाने का तरीका थोड़ा सा अलग है। इसके लिए आपको एक पैन में चीनी और एक-दो चम्मच पानी डालना है, ताकी चीनी जल्दी मेल्ट हो जाए। जैसे ही इसमें गोल्डन कलर आना शुरू हो, गैस की फ्लेम धीमी करें और लगातार चलाते हुए चीनी को मेल्ट कर लें। अब इसे आपको रबड़ी वाले दूध में मिलाना है, इससे मावे जैसा कलर भी आएगा और रबड़ी खाने में ज्यादा टेस्टी भी लगेगी।
सर्व करें: रबड़ी को अपने मनपसंद ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करें। ये ठंडी-ठंडी काफी अच्छी लगती है, इसलिए फ्रिज में रखें और फिर सर्व करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन