ना मावा, ना मैदा! सिर्फ 2 पके हुए केले से बनाएं ये टेस्टी गुलाबजामुन, मुंह में घुल जाएगी रेसिपी
आखिर में जो ज्यादा पके हुए केले बच जाते हैं, उन्हें फेंकने के बजाए टेस्टी से गुलाबजामुन झटपट बनाए जा सकते हैं। इंस्टाग्राम पर निशा ने ये रेसिपी शेयर की है, जो लोगों को भी खूब पसंद आ रही है। चलिए आप भी नोट कर लीजिए केले से गुलाबजामुन बनाने का ये अनोखा तरीका।

बच्चों से ले कर बड़ों तक, गुलाबजामुन सभी की फेवरिट मिठाई है। जरूरी नहीं कि कोई खास मौका हो तभी गुलाबजामुन खाए जाएं। जब भी मीठा खाने की क्रेविंग हो फटाफट से आप इन्हें घर पर ही बना सकती हैं। वैसे तो गुलाबजामुन बनाने के लिए मार्केट में रेडीमेड मिक्स मिल जाते हैं, लेकिन इनमें भी पैसे क्यों डालने। जब सिर्फ दो केले से आप पूरे घर के लिए गुलाबजामुन बना सकती हैं। जी हां, आखिर में जो ज्यादा पके हुए केले बच जाते हैं, उन्हें फेंकने के बजाए टेस्टी से गुलाबजामुन झटपट बनाए जा सकते हैं। इंस्टाग्राम पर निशा ने ये रेसिपी शेयर की है, लोगों को भी खूब पसंद आ रही है। तो चलिए आप भी नोट कर लीजिए केले से गुलाबजामुन बनाने का ये अनोखा तरीका।
केले से गुलाबजामुन बनाने के लिए सामग्री
घर पर ही टेस्टी से गुलाबजामुन बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- 2 पके हुए केले, फुल क्रीम दूध (एक कप), चीनी (स्वादानुसार), इलायची पाउडर (आधा चम्मच), सूजी (आधा कप), देसी घी (1 चम्मच) और तलने के लिए तेल। चाशनी बनाने के लिए सामग्री- चीनी (आधा कप), पानी (आधा कप), केसर के धागे, इलायची।
पके हुए केले से गुलाबजामुन बनाने की विधि
गुलाबजामुन बनाने के लिए ज्यादा पके हुए केले बेस्ट रहते हैं। इन्हें छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें और मिक्सर में डालें। साथ में आधा कप फुल क्रीम दूध भी एड करें और पीसकर एक स्मूद सा पेस्ट तैयार कर लें। ध्यान रहे इसमें किसी भी तरह के लम्प्स नहीं रहने चाहिए।
अब एक कढ़ाही में ये पेस्ट डालें और साथ ही आधा कप दूध और एड करें। दोनों को एक उबाल आने तक पका लें। अब इसमें स्वादानुसार चीनी और खुशबू के लिए इलायची पाउडर डालें। जब चीनी दूध में अच्छी तरह घुल जाए तो इसमें सूजी एड करें। इसे लगातार चलाती रहें ताकि गुठलियां ना पड़ें। जब ये गाढ़ी हो कर पैन छोड़ने लगे, तब गैस बंद कर दें और इस मिक्सचर को थाली पर फैला दें, ताकि ये जल्दी ठंडा हो जाए।
चाशनी- सूजी ठंडी हो रही है, तब तक चाशनी तैयार कर लें। इसके लिए बराबर मात्रा में चीनी और पानी दोनों को मिक्स करें। साथ में केसर के धागे और इलायची एड करें। इसे तक तक पकाएं, जब तक ये तेल की तरह चिपचिपी सी ना हो जाए।
सूजी के ठंडा होने पर उसमें एक चम्मच देसी घी एड करें और अच्छी तरह गूंथ लें। अब इससे छोटी-छोटी गुलाबजामुन की बॉल्स बनाकर तैयार करें। हाथों में और थाली पर आप थोड़ा सा घी लगा सकती हैं, ताकि ये चिपके ना। अब कढ़ाही में तेल गर्म करें और इन्हें गोल्डन ब्राउन कलर आने तक फ्राई कर लें। फिर इन्हें गर्म-गर्म चाशनी में डिप करें। आपके केले से बने टेस्टी गुलाबजामुन बनकर रेडी हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन