1 पैकेट दूध और ब्रेड से बनाएं अरेबियन पुडिंग, ठंडी-ठंडी रसमलाई जैसा लगता है स्वाद!
Summers Special Recipe: मीठे में कुछ ठंडा-ठंडा खाने का मन है, तो ये 10 मिनट में बनने वाला डेजर्ट ट्राई करें। दूध और ब्रेड से बनी ये अरेबियन पुडिंग मुंह में घुल जाती है और इसे बनाने के लिए भी ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ती।

मीठा खाने की क्रेविंग अक्सर होने लगती है। खासतौर से गर्मियों में तो मीठे में ठंडा-ठंडा सा कुछ खाने को मिल जाए तो मजा आ जाता है। हालांकि अब कौन बाजार से बार-बार मिठाई मंगवाए या फिर घंटों रसोई में मेहनत कर के कोई स्वीट डिश तैयार करे। ऐसे में सबसे बेस्ट ऑप्शन रहता है कि मीठे में कुछ ऐसा बना लें, जो फटाफट बन भी जाए और घर में सभी को टेस्टी लगे। आज एक ऐसी ही रेसिपी हम आपके लिए ले कर आए हैं। घर में रखे ब्रेड और दूध से आप टेस्टी अरेबियन ब्रेड पुडिंग बना सकती हैं। ठंडी-ठंडी खाने पर ये बिल्कुल रसमलाई जैसी लगती है। इसे बनाने में आपको ज्यादा टाइम भी नहीं लगेगा और घर में सभी को इसका मलाईदार स्वाद काफी ज्यादा पसंद आएगा। तो चलिए फटाफट से इसकी फुल रेसिपी देख लेते हैं।
अरेबियन ब्रेड पुडिंग बनाने के लिए सामग्री
अरेबियन ब्रेड पुडिंग बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- फुल क्रीम दूध (आधा लीटर), ब्रेड स्लाइसेज (12-15), कस्टर्ड पाउडर (2 चम्मच), चीनी, फ्रेश क्रीम/मलाई, कंडेंस्ड मिल्क और गार्निशिंग के लिए ड्राई फ्रूट्स।
दूध और ब्रेड से बनाएं टेस्टी अरेबियन ब्रेड पुडिंग
अरेबियन ब्रेड पुडिंग खाने में जितनी टेस्टी लगती है, बनाने में उतनी ही आसान है। इसके लिए सबसे पहले एक पैन में दूध को बॉयल होने के लिए रखें। साथ ही इसमें थोड़ी चीनी भी एड करें। अब इसे एक उबाल आने तक पकाएं, जबतक चीनी भी दूध में अच्छी तरह मिक्स हो जाएगी।
अब एक छोटी कटोरी लें, उसमें दो चम्मच कस्टर्ड पाउडर के साथ थोड़ा सा दूध मिक्स कर के एक घोल तैयार कर लें। अच्छे से मिक्स करें ताकि किसी भी तरह की गुठलियां ना रहें।
इसके बाद कस्टर्ड पाउडर वाले घोल को उबलते हुए दूध में एड कर दें। अच्छे से मिक्स करें और लगभग 5-6 मिनट के लिए दूध को और पकने दें। इससे दूध गाढ़ा हो जाएगा। अब वाइट ब्रेड लें और उसके ब्राउन किनारों को काट कर अलग कर लें। एक केक टिन या सर्विंग डिश में ब्रेड की स्लाइसेज को अरेंज करें, फिर इनके ऊपर से कस्टर्ड मिल्क डालें। फिर दोबारा से इसके ऊपर ब्रेड की स्लाइसेज अरेंज करें और फिर कस्टर्ड मिल्क डालें।
अब एक बाउल में थोड़ी सी फ्रेश क्रीम और कंडेंस्ड मिल्क को साथ में मिक्स करें। लगभग 5-6 मिनट के लिए इसे व्हिस्कर या किसी चम्मच की मदद से फेंटे ताकि दोनों चीजें साथ में अच्छे से मिक्स हो जाएं। इस मिक्सचर को पुडिंग में सबसे ऊपर डालें यानी कस्टर्ड मिल्क के ऊपर। अब जो भी ड्राई फ्रूट्स जैसे बादाम, काजू या पिस्ता आपको पसंद हैं, उन्हें छोटा छोटा कर लें और पुडिंग को गार्निश करें।
फ्रिज में कितनी देर रखना है
अरेबियन ब्रेड पुडिंग को सेट होने के लिए फ्रिज में कम से कम 3-4 घंटे के लिए जरूर रखें। ये ठंडी-ठंडी खाने में ही मजा आता है, इसलिए हमेशा इसे चिल्ड ही सर्व करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन