ना मलाई, ना मिल्क पाउडर! सिर्फ 1/2 लीटर दूध से पूरी फैमिली के लिए बनाएं मलाईदार कुल्फी
Kulfi Recipe: आमतौर पर हमें लगता है कि कुल्फी बनाने में काफी मेहनत और टाइम लगेगा, जबकि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। सिर्फ आधा लीटर दूध से आप पूरी फैमिली के लिए बिल्कुल बाजार जैसी कुल्फी बना सकती हैं और तरीका भी बेहद सिंपल है।

गर्मियों के मौसम में ठंडी-ठंडी कुल्फी खाने का मजा कुछ और ही होता है। इसका रबड़ीदार और मलाईदार स्वाद मुंह में एकदम घुल सा जाता है। खासतौर से दोपहर के खाने के बाद तो मीठे में कुछ ऐसा ही खाने की क्रेविंग होती है। खैर, कुल्फी की एक खासियत ये भी है कि इसे घर में बनाना काफी ज्यादा आसान है। आमतौर पर हमें लगता है कि कुल्फी बनाने में काफी मेहनत और टाइम लगेगा, जबकि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। सिर्फ आधा लीटर दूध से आप पूरी फैमिली के लिए बिल्कुल बाजार जैसी कुल्फी बना सकती हैं और तरीका भी बेहद सिंपल है। इंस्टाग्राम पर योगिता वनवे ने इस रेसिपी को शेयर किया है। तो चलिए इस बार गर्मियों में बाहर से कुल्फी लाने की जगह घर में ही बनाकर एंजॉय करते हैं।
घर पर कुल्फी बनाने के लिए सामग्री
गर्मियों में घर पर ही मलाईदार कुल्फी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- बादाम (15-20), काजू (12-15), फुल क्रीम दूध (आधा लीटर), चीनी (स्वादानुसार) और इलायची पाउडर (आधा चम्मच)।
सिर्फ आधा लीटर दूध से पूरी फैमिली के लिए कुल्फी बनाएं
कुल्फी बनाने की कई रेसिपी आपने देखी होंगी, लेकिन इससे सिंपल ढूंढना मुश्किल है। इस रेसिपी में आपको मिल्क पाउडर, कंडेंस्ड मिल्क या कॉर्न फ्लोर जैसी किसी भी चीज की जरूरत नहीं है। बस दूध और काजू-बादाम हैं तो फटाफट से आप ये मलाईदार सी कुल्फी बनाकर रेडी कर सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले तो काजू और बादाम को एक कटोरी पानी में भिगोकर रख दें। कम से कम दो घंटे के लिए छोड़ दें, चाहें तो रातभर के लिए भी रख सकती हैं।
अब एक बर्तन में आधा लीटर दूध को गर्म होने के लिए रख दें। इसे आपको मीडियम फ्लेम पर चलाते हुए पका लेना है। जब तक दूध पक रहा है, तब तक भिगोए हुए काजू-बादाम को पीसकर एक पेस्ट सा तैयार कर लें। इसे दूध में मिलाएं और दो-तीन मिनट के लिए पकने दें। दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें।
इसके बाद एक बर्तन में सिर्फ चीनी डालकर उसको अच्छी तरह पिघला लें। ये कैरेमल सीरप बनकर तैयार हो जाएगा। अब इसे पकाकर रखे हुए गर्म दूध में चलाते हुए एड करें। आपको लगातार इसे मिक्स करते रहना है, ताकि चीनी दूध में अच्छी तरह मिल जाए। फ्लेवर और खुशबू के लिए आप थोड़ा सा इलायची पाउडर भी मिला सकती हैं। सभी चीजों को मिलाएं और ठंडा होने दें।
ठंडा होने के बाद दूध के इस मिक्सचर को एक बार मिक्सर में पीस लें। इससे पेस्ट एकदम स्मूद हो जाएगा और सभी चीजें आपस में अच्छी तरह मिल भी जाएंगी। अब इस मिक्सचर को कुल्फी मोल्ड या पेपर कप में डालें और लगभग 7-8 घंटे के लिए फ्रिज में जमने छोड़ दें। रातभर के लिए इसे फ्रिज में रख देंगी तो सुबह बिल्कुल मलाईदार और टेस्टी सी कुल्फी बनकर रेडी हो जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन