ना क्रीम, ना मिल्क पाउडर! सिर्फ 3 चीजों से बनाएं ये मलाईदार कोकोनट आइसक्रीम, हेल्दी है ये रेसिपी
Coconut Ice Cream Recipe: आज हम आपके साथ जो आइसक्रीम की रेसिपी शेयर कर रहे हैं, उसके लिए बस 3 चीजों की जरूरत होगी। ना इन्हें पकाना है और ना ही को दूसरा झंझट है, फटाफट से कोकोनट आइसक्रीम बनकर रेडी हो जाएगी।

ठंडी-ठंडी आइसक्रीम गर्मियों में सभी को सुकून देती है। खासतौर से घर की बनी हुई आइसक्रीम की तो बात ही अलग है। एक तो हमें पता होता है कि इसमें क्या-क्या डला है और सस्ती भी पड़ जाती है। खैर, घर में आइसक्रीम बनाना झंझट का काम तो लगता ही है, खूब सारे इंग्रीडिएंट्स चाहिए होते हैं, फिर उन्हें पकाना वगैरह भी तो है। लेकिन अगर हम आपसे कहें कि सिर्फ 3 चीजों से आप फटाफट से आइसक्रीम बना सकती हैं, तो क्या आप यकीन करेंगी? जी हां, आज हम आपके साथ जो आइसक्रीम की रेसिपी शेयर कर रहे हैं, उसके लिए बस 3 चीजों की जरूरत होगी, जो आपको घर में आसानी से मिल जाएंगी। ना इन्हें पकाना है और ना ही को दूसरा झंझट है, फटाफट से कोकोनट आइसक्रीम बनकर रेडी हो जाएगी। तो चलिए देखते हैं इसकी रेसिपी।
सिर्फ 3 चीजों से बनाएं कोकोनट आइसक्रीम
मलाईदार कोकोनट आइसक्रीम बनाने के लिए आपको सिर्फ 3 चीजों के जरूरत होगी- फ्रेश नारियल, फुल क्रीम दूध और चीनी। अगर आप थोड़ा हेल्दी वर्जन बनाना चाहती हैं तो चीनी को स्किप भी कर सकती हैं। चूंकि नारियल और दूध में नेचुरल मिठास होती है, जिससे आइसक्रीम बिना चीनी के भी मीठी और स्वादिष्ट बनेगी।
दूध और नारियल से बनाएं टेस्टी आइसक्रीम
घर पर ही मलाईदार कोकोनट आइसक्रीम बनाना बिल्कुल आसान है। इसके लिए आपको फ्रेश नारियल लेना है और उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लेना है। अब नारियल के टुकड़ों को पानी में अच्छे से वॉश करने के लिए डालें, साथ ही इनका भूरा हिस्सा छीलकर अलग कर लें। नारियल के सफेद हिस्से से आइसक्रीम का रंग काफी अच्छा आता है।
अब नारियल के टुकड़ों को एक मिक्सर में डालें। साथ में फुल क्रीम दूध और स्वादानुसार चीनी भी एड करें। आप चाहें तो थोड़ी सी घर की बनी हुई ताजी मलाई भी मिला सकती हैं, इससे आइसक्रीम काफी क्रीमी और टेस्टी बनती है। इन सभी को पीसकर एक पेस्ट सा तैयार कर लें। ये पेस्ट बहुत गाढ़ा भी नहीं होना चाहिए और ना ही बहुत पतला।
अब इस नारियल और दूध वाले मिक्सचर को आइसक्रीम मोल्ड में डालें। इससे पॉप्सिकल्स काफी अच्छी बनती हैं, जो बच्चों को खूब पसंद आती हैं। अब इन्हें 7-8 घंटे या ओवरनाइट फ्रिज में जमने के लिए छोड़ दें। अब जब भी आइसक्रीम खाने का मन करे, इसे मोल्ड से निकालें और ठंडी-ठंडी पॉप्सिकल का मजा लें। यकीन मानिए ये बहुत ज्यादा क्रीमी और टेस्टी बनती है। खासतौर से अगर आपको कोकोनट फ्लेवर पसंद है, तब तो ये आपकी फेवरिट बन जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन