चंपारण मटन ही नहीं हांडी कटहल भी भर देगा मुंह में पानी, ये है मास्टरशेफ पंकज की सीक्रेट रेसिपी
Champaran Handi Kathal : मास्टरशेफ पंकज भदौरिया की चंपारण हांडी कटहल (Ahuna Kathal) रेसिपी अपनी खास खुशबू और धीमी आंच पर पकने वाले स्वाद के लिए मशहूर है। इसे पारंपरिक रूप से मिट्टी की हांडी में बनाया जाता है, लेकिन आप इसे कुकर में भी बना सकते हैं।

Champaran Handi Kathal : चंपारण हांडी कटहल कोई मामूली रेसिपी नहीं है, यह एक 'अहसास' है- मिट्टी की सोंधी खुशबू, धीमी आंच, धैर्य और मसालों के गहरे रंग का, जो सीधे बचपन की यादों में ले जाता है। इस रेसिपी को अहुना हांडी कटहल भी कहते हैं। खास बात यह है कि इस पारंपरिक बिहारी 'अहुना' स्टाइल को मास्टर शेफ पंकज भदौरिया ने अपने अंदाज में पेश किया है। चंपारण मटन को टक्कर देने वाली अपनी इस रेसिपी से उन्होंने साबित कर दिया कि स्वाद सिर्फ मसालों में नहीं, बल्कि उसे बनाने के 'तरीके' में ही छिपा होता है। जब हांडी से आटे की सील खुलती है और वो पहली भाप चेहरे से टकराती है, तो समझ आता है कि क्यों इसे शाकाहारियों का 'मटन' कहा जाता है। तो चलिए बिना देर किए जान लेते हैं कैसे बनाई जाती है मुंह में पानी भर देने वाली ये टेस्टी चंपारण हांडी कहटल की रेसिपी।
चंपारण हांडी कहटल बनाने के लिए सामग्री
-1 किलो कटहल (2 इंच के टुकड़ों में कटा हुआ)
-½ किलो प्याज (लंबा कटा हुआ)
-1 कप सरसों का तेल (धुआं उठने तक गर्म करके ठंडा किया हुआ)
-3 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
-1 चम्मच बेसन (आधा कप पानी में घुला हुआ)
-आटा (हांडी सील करने के लिए)
-हरा धनिया
खड़े मसाले
- 2 साबुत लहसुन की गांठें
-2 बड़ी इलायची
-3-4 हरी इलायची
-1 चम्मच काली मिर्च
-5-6 लौंग
-2 दालचीनी के टुकड़े
-2 तेजपत्ता
-3-4 सूखी लाल मिर्च
-1 चम्मच जीरा।
पिसे मसाले
- 2 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
-1.5 चम्मच धनिया पाउडर
-½ चम्मच हल्दी
-1 चम्मच गरम मसाला
-नमक स्वादानुसार
चंपारण हांडी कहटल बनाने का तरीका
चंपारण हांडी कहटल बनाने के लिए सबसे पहले प्याज और मसालों का मिश्रण तैयार कर लें। इसके लिए एक बड़े बर्तन में कटे हुए प्याज डालकर हाथों से अच्छी तरह मसलकर अलग-अलग कर लें। अब इसमें सभी पिसे हुए मसाले, अदरक-लहसुन का पेस्ट और बेसन का घोल डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इस मसालेदार प्याज में कटहल के टुकड़े डालने के बाद ऊपर से आधा सरसों का तेल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। ताकि कटहल के हर टुकड़े पर मसाला लग जाए।
हांडी तैयार करें- कटहल पकाने के लिए मिट्टी की हांडी (या भारी तले का कुकर) लें। इसके तले में बचे हुए खड़े मसाले और साबुत लहसुन की गांठें डाल दें। बाकी बचा हुआ तेल इसमें डालें। अब मैरिनेट किया हुआ कटहल और प्याज का मिश्रण हांडी में डालें। ऊपर से हरी मिर्च डालें। इसमें अलग से पानी डालने की जरूरत नहीं होती क्योंकि प्याज अपना पानी छोड़ता है।
दम लगाएं- हांडी पर ढक्कन रखें और किनारे पर गूंथा हुआ आटा लगाकर उसे पूरी तरह सील कर दें ताकि भाप बाहर न निकले। इसे गैस के सबसे छोटे बर्नर पर बिल्कुल धीमी आंच पर लगभग 45 से 50 मिनट तक पकने दें। हर 15 मिनट बाद हांडी को कपड़े से पकड़कर हल्का सा हिला दें ताकि मसाला नीचे न लगे।
सर्व करें- लगभग 45-50 मिनट बाद गैस बंद करके हांडी को 15 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। फिर सील खोलें, बारीक कटा हरा धनिया डालें और गरमा-गरम रोटियों के साथ सर्व करें।
पंकज भदौरिया के खास टिप्स
बेसन का इस्तेमाल: रेसिपी में बेसन घोलकर डालने से ग्रेवी में एक अच्छी थिकनेस (बाइंडिंग) आती है।
लहसुन: साबुत लहसुन इसमें 'मीट' जैसा स्वाद और सोंधापन जोड़ता है, इसे छीलें नहीं, बस साफ करके सीधे डाल दें।
तेल: सरसों के तेल को कच्चा न डालें, उसे गर्म करने के बाद ठंडा करके डालने से उसका तीखापन कम हो जाता है और स्वाद निखरता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन