मटर खरीदते समय स्वाद और पैसे दोनों खराब करती हैं ये गलतियां, ऐसे पहचानें मीठे दाने
Matar Buying Tips : बाजार में सजी मटर की ढेरी को देखकर अक्सर हम चमक के झांसे में आकर पकी हुई बासी मटर घर खरीदकर ले आते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं असली और मीठे मटर की पहचान, उसके छिलके की रंगत और दानों की बनावट में छिपा हुआ होता है।

Tips To Buy Good Peas : सर्दियों के मौसम में हरी-हरी मटर से बना पुलाव और मटर पनीर का स्वाद, मुंह का जायका दुरुस्त करने का काम करता है। लेकिन खाने का स्वाद और खुशबू तभी अच्छी आती है, जब उसे बनाने के लिए ताजी और मीठी मटर का यूज किया गया हो। मटर खरीदना कोई मामूली काम नहीं है, यह भी एक अलग कला है। जिसमें अगर आपने सही फलियों का चुनाव नहीं किया, तो आपकी पूरी मेहनत, पैसे और डिश का स्वाद, तीनों मिट्टी में मिल सकते हैं। बाजार में सजी मटर की ढेरी को देखकर अक्सर हम चमक के झांसे में आकर पकी हुई बासी मटर घर खरीदकर ले आते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं असली और मीठे मटर की पहचान, उसके छिलके की रंगत और दानों की बनावट में छिपा हुआ होता है। आइए जानते हैं बाजार से फ्रेश और मीठी मटर खरीदने के लिए आपको कौन सी 5 गलतियां करने से बचना चाहिए।
मटर खरीदते समय इन 5 गलतियों को करने से बचें
1. बहुत ज्यादा मोटी और फूली हुई मटर
अकसर लोगों को लगता है कि बाजार में मिलने वाली मोटी फली वाली मटर के दाने भी बड़े और मीठे होंगे, लेकिन सच यह है कि ऐसी मटर के दाने हमेशा पके हुए, सख्त और स्वाद में फीके या कड़वे हो सकते हैं। बाजार से हमेशा मीडियम साइज वाली मटर ही खरीदें।
2. पीले छिलके वाली मटर
अगर मटर की फली का रंग हल्का पीला है, तो इसका मतलब है कि वह काफी पुरानी हो चुकी है। ताजी मटर हमेशा चटख हरे रंग की होती है। पीली मटर के दाने अंदर से सूखे और बेस्वाद निकलते हैं।
3. खाली या दबे हुए छिलके
मटर खरीदते समय फली को छूकर देखें। अगर फली खाली या छिलके दबे हुए छिलके लग रहे हैं, तो इसका मतलब है कि उसके अंदर दाने अभी पूरी तरह विकसित नहीं हुए हैं। ऐसी मटर लेने से पैसे बर्बाद होते हैं क्योंकि इसमें छिलका ज्यादा और दाने कम निकलते हैं।
4. छिलके पर सफेद दाग या फफूंद
अक्सर ढेर में रखी होने की वजह से मटर में कई बार नमी पैदा हो जाती है, जिसकी वजह से मटर में सफेद धब्बे या जाले जैसा कुछ दिखने लगता है। यह फफूंद की शुरुआत हो सकती है। ऐसे मटर जल्दी सड़ जाते हैं और बाकी बचे हुए मटर को भी खराब कर देते हैं। ऐसे में मटर खरीदते समय फलियों को पलटकर चेक करें कि उनमें कहीं काले छेद या सफेद निशान तो नहीं हैं।
5. बिना चखे मटर खरीदना
सुनने में अजीब लग सकता है, लेकिन मटर की मिठास जानने का सबसे आसान तरीका उसे चखकर खरीदना है। पुराने या केमिकल से पके मटर का स्वाद फीका या कड़वा हो सकता है। ऐसे में मटर खरीदने का सही तरीका है कि दुकानदार से पूछकर एक फली खोलें और एक दाना चखकर देखें। अगर वह कुरकुरा और मीठा है, तो ही मटर की खरीदारी करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन