होली पर 15 मिनट में ब्रेड से बनाएं हलवाई जैसे गुलाब जामुन, नहीं पड़ेगी मावे की जरूरत
Instant Bread Gulab Jamun Recipe : ये खाने में इतने सॉफ्ट और टेस्टी होते हैं कि कोई पहचान ही नहीं पाएगा कि इन्हें मावे से नहीं बल्कि ब्रेड से बनाया गया है। रेसिपी की खास बात यह है कि गुलाब जामुन का यह शाही स्वाद और मुंह में घुल जाने वाली इनकी सॉफ्टनेस आपको किचन में रखी ब्रेड का यूज करके मिल सकती है।

Holi Special Instant Bread Gulab Jamun Recipe : होली की भागदौड़ और मेहमानों की आवाजाही के बीच, अगर आप रसोई में बिना ज्यादा समय खराब किए झटपट मीठे में कुछ टेस्टी बनाकर तैयार करना चाहती हैं तो इंस्टेंट ब्रेड गुलाब जामुन रेसिपी परफेक्ट ऑप्शन हो सकती है। ये खाने में इतने सॉफ्ट और टेस्टी होते हैं कि कोई पहचान ही नहीं पाएगा कि इन्हें मावे से नहीं बल्कि ब्रेड से बनाया गया है। रेसिपी की खास बात यह है कि गुलाब जामुन का यह शाही स्वाद और मुंह में घुल जाने वाली इनकी सॉफ्टनेस आपको बिना घंटों की मेहनत के सिर्फ किचन में रखी ब्रेड का यूज करके मिल सकती है। तो चलिए बिना देर किए जान लेते हैं कैसे बनाई जाती है टेस्टी इंस्टेंट ब्रेड गुलाब जामुन रेसिपी।
इंस्टेंट ब्रेड गुलाब जामुन रेसिपी बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
-8-10 वाइट ब्रेड स्लाइस
-आधा कप दूध
-1.5 कप चीनी (चाशनी के लिए)
-1 कप पानी
-आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
-घी या तेल तलने के लिए
-2 बड़े चम्मच मिल्क पाउडर
इंस्टेंट ब्रेड गुलाब जामुन रेसिपी बनाने की विधि
इंस्टेंट ब्रेड गुलाब जामुन बनाने के लिए सबसे पहले चाशनी तैयार करें। इसके लिए सबसे पहले एक पैन में चीनी और पानी डालकर उबाल लें। चाशनी में इलायची पाउडर डालकर तब तक पकाएं जब तक यह थोड़ी चिपचिपी न हो जाए। इस बात का खास ख्याल रखें कि आपको एक तार की चाशनी नहीं बनानी है। चाशनी तैयार होने पर गैस बंद कर दें। इसके बाद ब्रेड का 'डो' तैयार करें। इसके लिए ब्रेड स्लाइस के किनारों को काटकर अलग कर दें। इसके बाद ब्रेड को छोटे टुकड़ों में तोड़कर एक बाउल में डालें। बाउल में थोड़ा-थोड़ा दूध डालकर हल्के हाथों से गूंथ लें। ध्यान रहे कि आटा ना तो ज्यादा सख्त या ही ज्यादा गीला हो। इस स्टेज पर मिल्क पाउडर मिलाने से गुलाब जामुन में मावे जैसा स्वाद आता है।
गोले बनाकर फ्राई करें- अब हथेलियों पर थोड़ा सा घी लगाकर तैयार आटे से छोटी-छोटी बॉल्स बना लें। ध्यान रखें कि बॉल्स में दरारें न पड़ी हुई हों, वरना तलते समय ये फट सकते हैं। अब एक कड़ाही में घी या तेल गरम करके मीडियम आंच पर इन बॉल्स को सुनहरा भूरा होने तक तलें। इस बात का ध्यान रखें कि गुलाब जामुन फ्राई करते समय इन्हें लगातार हिलाते रहें ताकि रंग एक जैसा आए।
चाशनी में डुबोएं- अब तले हुए गुलाब जामुन को गरमा-गरम तैयार चाशनी में डालकर कम से कम 10-15 मिनट के लिए चाशनी में डूबा रहने दें ताकि ये अंदर तक रसीले हो जाएं।
गुलाब जामुन का स्वाद बढ़ाएगा ये खास टिप
अगर आप गुलाब जामुन को और शाही बनाना चाहते हैं, तो बॉल्स बनाते समय उनके बीच में एक चिरौंजी या कटे हुए पिस्ते का टुकड़ा रख दें। इससे स्वाद और प्रेजेंटेशन दोनों लाजवाब हो जाएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन