तरबूज पर 1 चुटकी नमक छिड़ककर क्यों खाना चाहिए? न्यूट्रीशनिस्ट ने बताए कमाल के फायदे!
Healthy Eating Tips: तरबूज पर अगर जरा सा नमक छिड़क कर खाया जाए, तो महज इसका स्वाद ही बढ़ता बल्कि सेहत के लिए भी ये ज्यादा फायदेमंद हो जाता है। न्यूट्रीशनिस्ट हेतल ने इसी छोटी सी आदत के कई फायदों के बारे में बताया है।

गर्मियों में तरबूज खाना सभी को पसंद होता है। पानी से भरपूर ये फल शरीर को ठंडक देता है और हाइड्रेट भी रखता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर तरबूज पर हल्का सा नमक छिड़क कर खाया जाए तो इसके कई फायदे हो सकते हैं? जी हां, ये छोटी सी दिखने वाली आदत सिर्फ स्वाद के लिहाज से ही नहीं, बल्कि शरीर के लिए भी काफी फायदेमंद साबित हो सकती है। खासतौर से तेज गर्मी, पसीना और थकान के इस मौसम में तरबूज खाने का ये तरीका काफी फायदा करता है। न्यूट्रीशनिस्ट हेतल छेदा ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए नमक और तरबूज के कॉम्बिनेशन के फायदों के बारे में बताया है, जो आपको जरूर जानने चाहिए।
तरबूज पर नमक छिड़ककर खाने के फायदे
शरीर में इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखने में मदद
न्यूट्रीशनिस्ट हेतल बताती हैं कि तरबूज में 90 प्रतिशत तक पानी होता है और कुछ मात्रा में पोटैशियम भी मौजूद होता है। वहीं नमक में सोडियम पाया जाता है। ये सभी चीजें जब साथ में कंज्यूम की जाती हैं, तो बॉडी का इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस मेंटेन रहता है। जो लोग धूप में ज्यादा रहते हैं या पसीना बहुत बहाते हैं, उनके लिए खासतौर से ये तरीका काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।
बॉडी को हाइड्रेट रखता है
तरबूज पहले ही पानी से भरपूर होता है, वहीं नमक शरीर में पानी के बैलेंस को बनाए रखने में मदद करता है। जब आप तरबूज पर हल्का सा नमक छिड़क कर खाते हैं, तो इससे शरीर हाइड्रेट रहता है। बॉडी में पानी की कमी नहीं होती। खासकर तेज गर्मी और लू के मौसम में ये कॉम्बिनेशन काफी ताजगी महसूस कराने वाला हो सकता है।
हीट स्ट्रोक और थकान से राहत दिलाता है
गर्मियों में तेज धूप, पसीना और डिहाइड्रेशन की वजह से थकान और कमजोरी बनी रहती है। ऐसे में तरबूज पर हल्का सा नमक छिड़क कर खाना शरीर को ठंडक और राहत पहुंचा सकता है। ये कॉम्बिनेशन पानी की कमी को पूरा करता है और इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखता है। यही वजह है कि हीट स्ट्रोक और थकान दोनों से राहत दिलाने में सहायक माना जाता है।
तरबूज का मीठापन भी बढ़ जाता है
तरबूज पर हल्का सा नमक स्प्रिंकल कर के खाने से उसका नेचुरल मीठापन भी और ज्यादा उभरकर आता है। इससे बिना एक्स्ट्रा चीनी के भी तरबूज मीठा लगता है। गर्मियों में कोई रिफ्रेशिंग और टेस्टी स्नैक ढूंढ रहे हैं, तो तरबूज और हल्का सा नमक एक बेहतरीन कॉम्बिनेशन साबित हो सकता है।
जरूरी बात: नमक ज्यादा मात्रा में ना खाएं
न्यूट्रीशनिस्ट कहती हैं कि तरबूज पर आपको भर-भर के नमक नहीं डालना है। सिर्फ चुटकी भर नमक डालें और एंजॉय करें। ज्यादा नमक डालने से शरीर में सोडियम बढ़ सकता है, जिससे ब्लोटिंग, प्यास और हाई बीपी की शिकायत हो सकती है। इसलिए स्वाद और सेहत दोनों के हिसाब से नमक का बैलेंस सही रखना ज्यादा जरूरी है।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन