आटे से ले कर तेल तक, हाई बीपी वालों को क्या खाना चाहिए? न्यूट्रीशनिस्ट ने शेयर की लिस्ट
Best Foods For BP: बीपी को कंट्रोल में रखने के लिए सिर्फ दवा नहीं, बल्कि आपकी डाइट भी काफी मायने रखती है। न्यूट्रीशनिस्ट ने इसी से जुड़ी कंप्लीट फूड गाइड शेयर की है, जो आपके बहुत काम आएगी।

आजकल का लाइफस्टाइल ही कुछ ऐसा हो गया है कि हाई ब्लड प्रेशर की समस्या आपको हर दूसरे व्यक्ति में देखने को मिल जाएगी। गलत खानपान, पर्याप्त नींद ना लेना, जरूरत से ज्यादा स्ट्रेस और फिजिकल एक्टिविटी का अभाव; ये कुछ खास वजहें हैं जो हाई बीपी का कारण बनती हैं। ये कितनी गंभीर समस्या है इसका अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि हाई बीपी को 'साइलेंट किलर' भी कहा जाता है। अगर समय रहते इसे कंट्रोल ना किया जाए तो यह दिल की बीमारी, स्ट्रोक और किडनी से जुड़ी समस्याओं का कारण बन सकता है। अच्छी बात है कि अपने लाइफस्टाइल में कुछ छोटे-छोटे बदलाव कर के आप बीपी को नियंत्रित रख सकते हैं। न्यूट्रीशनिस्ट श्वेता पांचाल ने बीपी के लिए बेस्ट फूड्स की लिस्ट बताई है, जो आपको जरूर जाननी चाहिए।
बीपी वालों के लिए सबसे अच्छा आटा कौन सा है?
सबसे कॉमन सवाल यही रहता है कि हाई बीपी वालों के लिए कौन सा आटा सबसे अच्छा है। न्यूट्रीशनिस्ट श्वेता बताती हैं कि आप कोई भी आटा अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। लेकिन आटा गूंथते समय उसमें थोड़ा सा ईसबगोल जरूर मिला दें। इससे रोटी में फाइबर की मात्रा बढ़ जाएगी, जो बीपी कंट्रोल रखने में काफी फायदा करता है।
बेस्ट सीड्स (बीज) और नट्स (मेवे) कौन से हैं?
न्यूट्रीशनिस्ट बताती हैं कि हाई बीपी वालों के लिए तरबूज के बीज और खसखस काफी फायदेमंद होते हैं। इन दोनों को बराबर मात्रा में मिलाकर रख लें और रोज एक चम्मच खाएं। वहीं अगर बेस्ट नट्स यानी सूखे मेवे की बात करें, तो बीपी के मरीजों को बादाम का सेवन जरूर करना चाहिए। इसमें मौजूद विटामिन ई ब्लड वेसल्स के फंक्शन को इंप्रूव करने में काफी फायदेमंद होता है।
बीपी में कौन सा फल फायदा करता है?
श्वेता के मुताबिक हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए केला सबसे अच्छा फ्रूट माना जाता है। इसमें भरपूर मात्रा में पोटैशियम होता है, जो सोडियम लेवल को बैलेंस करने का काम करता है। जब बॉडी में सोडियम लेवल ज्यादा होता है, तो बीपी भी बढ़ता है। लेकिन केला इसके प्रभाव को कम कर के बीपी को नेचुरली कंट्रोल करने में मदद करता है।
बीपी वालों को कौन सा तेल इस्तेमाल करना चाहिए?
न्यूट्रीशनिस्ट के मुताबिक हाई बीपी वालों के लिए सरसों का तेल इस्तेमाल करना सही रहता है। इसके अलावा डेली कुकिंग में देसी घी भी यूज किया जा सकता है। हालांकि इनकी मात्रा कम से कम ही रखें। ज्यादा मात्रा में तेल या घी, बीपी और कोलस्ट्रॉल की वजह बन सकते हैं।
सबसे अच्छा नाश्ता कौन सा है?
हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए वेजिटेबल ओट्स सबसे अच्छा ब्रेकफास्ट ऑप्शन है। ओट्स में भरपूर फाइबर होता है, जो बीपी और कोलस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मदद करता है। वहीं सब्जियां शरीर को जरूरी पोषण देने का काम करती हैं।
बीपी वालों के लिए बेस्ट स्नैक्स?
हल्की-फुल्की स्नैकिंग के लिए रोस्टेड मखाना या भुने चने, हाई बीपी वालों के लिए सबसे बेस्ट माने जाते हैं। हालांकि न्यूट्रीशनिस्ट सलाह देती हैं कि इनमें से कुछ भी साल्टेड यानी नामक वाला नहीं होना चाहिए। सिर्फ प्लेन मखाना या भुने चने ही अपनी डाइट में शामिल करें।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन