घंटों की मेहनत खत्म! कुकर में 1 सीटी लगाकर निकालें ढेर सारा घी, गैस और समय दोनों बचेंगे
घर पर घी बनाना झंझट का काम तो है ही। इसमें काफी टाइम लग जाता है। लेकिन क्या हो अगर ये काम फटाफट हो जाए? इंस्टाग्राम पर फूड क्रिएटर प्रियंका ने ऐसी ही एक ट्रिक शेयर है, जिसमें कुकर की मदद से आप सिर्फ कुछ मिनटों में ही देसी घी बना सकती हैं।

घर के बने शुद्ध देसी घी की बात ही अलग होती है। बाजार वाले घी की तरह इसमें मिलावट का कोई खतरा नहीं होता, साथ ही घी ज्यादा खुशबूदार और दानेदार भी बनता है। रोज के दूध से अगर आप थोड़ी-थोड़ी मलाई भी बचा रही हैं, तो हफ्तेभर की मलाई से अच्छा-खासा घी निकल जाएगा। खैर, घर पर घी बनाना झंझट का काम तो है ही। इसमें काफी टाइम लग जाता है, फिर घंटों गैस पर पकाने का भी झंझट। बस यही एक वजह है जिसके चलते कई गृहणियां घर में घी बनाना अवॉइड करती हैं। लेकिन क्या हो अगर ये काम फटाफट हो जाए? जी हां, इंस्टाग्राम पर फूड क्रिएटर प्रियंका ने ऐसी ही एक ट्रिक शेयर है, जिसमें कुकर की मदद से आप सिर्फ कुछ मिनटों में ही देसी घी बना सकती हैं। तो चलिए फटाफट से जान लेते हैं ये हैक।
प्रेशर कुकर में देसी घी कैसे बनाएं? स्टेप बाय स्टेप तरीका सीखें
स्टेप 1: मलाई को सही तरीके से स्टोर करें
सबसे पहला काम है मलाई को सही तरीके से स्टोर करना। मलाई ज्यादा दिनों की हो जाती है तो उसमें खट्टी स्मेल आने लगती है, जिससे घी अच्छा नहीं बनता। इसके लिए मलाई को हमेशा फ्रीजर में स्टोर करें। जिस भी बर्तन में मलाई रख रही हैं, उसमें थोड़ा सा दही डाल दें फिर ऊपर से मलाई स्टोर करें। इससे मलाई में बदबू नहीं आएगी।
स्टेप 2: घी बनाने से कुछ देर पहले निकाल दें
मलाई फ्रीजर में रखी-रखी जम जाती है और काफी हार्ड हो जाती है। इससे घी बनाना मुश्किल होता है। इसलिए जब भी घी बनाने जा रही हैं, तो कम से कम 2-3 घंटे पहले मलाई को फ्रीजर से बाहर निकाल कर रख दें। रूम टेंपरेचर पर ये सॉफ्ट हो जाएगी, जिससे घी बनाना आसान होगा।
स्टेप 3: देसी घी बनाते हुए मिलाएं ये 2 चीजें
अब मलाई को हल्का सा चला लें और प्रेशर कुकर में डालें। इसमें आधा नींबू निचोड़ लें और आधा चम्मच ही सादा नमक एड करें। इन दोनों का फायदा ये होता है कि मलाई से मक्खन बनने का प्रॉसेस तेज हो जाता है और घी जल्दी बनता है। इसके अलावा मलाई वेस्ट भी कम होती है और घी ज्यादा निकलता है। इन्हें आपस में अच्छी तरह मिक्स करना ना भूलें।
स्टेप 4: कुकर में एक सीटी आने तक पकाएं
अब प्रेशर कुकर का ढक्कन बंद करें और लो टू मीडियम फ्लेम पर एक सीटी आने तक पका लें। इसके बाद गैस बंद करें और प्रेशर रिलीज होने दें। अब कुकर का ढक्कन खोलें और धीमी आंच पर घी को 10 मिनट के लिए और पका लें। एकदम शुद्ध दानेदार देसी घी बनकर तैयार होगा।
स्टेप 5: घी को छानकर स्टोर कर लें
घी में थोड़ी सी खुरचन भी बच जाती है। हालांकि इस तरीके से घी बनाएंगी तो काफी कम खुरचन बचती है और ज्यादातर मलाई का घी निकल जाता है। इसे निकालने के लिए घी को छलनी की मदद से अच्छी तरह छान लें, फिर किसी एयर टाइट कंटेनर में स्टोर कर के रख दें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन