सोशल मीडिया से मिले ये ब्यूटी हैक्स त्वचा को पहुंचा रहे हैं नुकसान, स्किन एक्सपर्ट ने दी चेतावनी
सोशल मीडिया पर स्किन केयर को लेकर कई हैक्स वायरल होते रहते हैं और हर कोई स्किन एक्सपर्ट बनकर सलाह देता रहता है। लेकिन हर हैक स्किन के लिए सही नहीं होता। स्किन एक्सपर्ट से जानिए कि क्या आपकी त्वचा को नुकसान पहुंचा रहा है।

आजकल इंस्टाग्राम-फेसबुक पर हर दिन नए-नए ब्यूटी हैक्स ट्रेंड करते हैं और उन्हें लोग अपना भी लेते हैं। हर कोई स्किन-मेकअप एक्सपर्ट बन चुका है और सभी अपने तरीके लोगों को बताते रहते हैं। कोई कहता है कि टूथपेस्ट से पिंपल गायब हो जाएंगे, तो कोई नींबू सीधे चेहरे पर लगाने की सलाह देता है। रील्स में ये तरीके आसान और असरदार दिखते हैं, लेकिन रियल लाइफ में इनका असर आपकी त्वचा के लिए खतरनाक हो सकता है। नोएडा की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. रश्मि शर्मा कहती हैं- सोशल मीडिया पर दिखने वाला हर स्किन केयर ट्रेंड वैज्ञानिक रूप से सही नहीं होता। कई घरेलू नुस्खे त्वचा की नेचुरल बैरियर को नुकसान पहुंचा सकते हैं। चलिए कुछ ऐसे हैक्स के बारे में बताते हैं, जिन्हें कभी भी स्किन पर ट्राई करने की गलती न करें।
1. टूथपेस्ट से पिंपल ट्रीटमेंट
रील्स में दावा किया जाता है कि टूथपेस्ट लगाने से पिंपल सूख जाता है। लेकिन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, टूथपेस्ट में मौजूद मेंथॉल और बेकिंग सोडा त्वचा को ड्राई और इरिटेट कर सकते हैं। डॉ. शर्मा बताती हैं, पिंपल के लिए सैलिसिलिक एसिड या बेंजॉयल पेरॉक्साइड जैसे क्लिनिकली टेस्टेड प्रोडक्ट्स ही इस्तेमाल करें।

2. नींबू सीधे चेहरे पर लगाना
नींबू को नेचुरल ब्लीच बताकर प्रमोट किया जाता है। लेकिन इसमें मौजूद सिट्रिक एसिड स्किन की ऊपरी परत को जला सकता है। धूप में निकलने पर पिग्मेंटेशन का खतरा और बढ़ जाता है। स्किन एक्सपर्ट्स का कहना है कि नींबू का पीएच बहुत लो होता है, जो स्किन के संतुलन को बिगाड़ सकता है।
3. DIY एक्सफोलिएशन (चीनी या नमक से स्क्रब)
घर पर चीनी या नमक से स्क्रब बनाना आसान लगता है, लेकिन ये कण त्वचा पर माइक्रो-टियर्स बना सकते हैं। डर्मेटोलॉजिस्ट्स सलाह देते हैं कि माइल्ड केमिकल एक्सफोलिएंट्स या डर्मेटोलॉजिकली टेस्टेड स्क्रब ही चुनें।
4. ग्लू या टेप से ब्लैकहेड्स हटाना
कुछ वायरल वीडियोज में लोग फेविकोल या टेप से ब्लैकहेड हटाते दिखते हैं। यह तरीका स्किन की ऊपरी लेयर को नुकसान पहुंचा सकता है और इंफेक्शन का जोखिम भी बढ़ाता है।
5- परफ्यूम से मेकअप बेस
सोशल मीडिया पर मेकअप ट्रेंड्स में दावा किया गया कि डियो या परफ्यूम चेहरे पर लगाने से मेकअप बेस परपेक्ट बनता है और इससे फिनिश लुक मिलेगा। जबकि परफ्यूम में कई केमिकल होते हैं, जो त्वचा को जला सकते हैं। इससे मेकअप बेस नहीं बनेगा। इसके लिए आपको अच्छे मेकअप प्रोडक्ट्स ही चुनने चाहिए।

क्या करें?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि हर स्किन अलग होती है। जो चीज किसी और पर काम करे, जरूरी नहीं कि वह आपके लिए भी सुरक्षित हो। डॉ. शर्मा का साफ कहना है, स्किनकेयर में धैर्य और सही जानकारी सबसे जरूरी है। ट्रेंड्स को फॉलो करने से पहले किसी विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन