रांची में 2 युवकों ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, प्रेमिका के भाई की हत्या का हुआ खुलासा
झारखंड की राजधानी रांची से आत्महत्या और हत्या के खुलासे की खबर सामने आई है। शहर के दो अलग-अलग इलाके में 2 युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं पुलिस ने प्रेमिका के भाई की हत्या का खुलासा कर दिया है।

झारखंड की राजधानी रांची से आत्महत्या और हत्या के खुलासे की खबर सामने आई है। शहर के दो अलग-अलग इलाके में 2 युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पहले मामले में रातू रोड के अलकापुरी रोड नंबर एक में गायत्री मंदिर के पास रहने वाले 24 साल के अमन कुमार ने गुरुवार को देर रात में पंखा के सहारे गमछा से तैयार फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। दूसरी ओर रातू रोड के मधुकम बीच कोचा झारखंड चौक के पास रहने वाले 20 साल के सुमित तिर्की ने साड़ी के सहारे बने फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली।
मकान की ब्रिक्री से आहत युवक ने लगाई फांसी
दिवंगत युवक की मां गीता देवी ने बताया कि पुत्र अमन रात में भोजन करने के बाद सोने चला गया था। सुबह में नीयत समय पर सोकर नहीं उठने पर बाहर से आवाज लगाई गई, लेकिन अंदर से कोई उत्तर नहीं मिला। संदेह होने पर परिजनों ने रोशनदान से अंदर कमरे में झांका तो पाया कि अमन का शव गमछा से बने फंदे से झूल रहा है। पुलिस के मुताबिक मृतक के पिता रमेश कुमार चौधरी किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हरिद्वार गए हुए हैं। वहीं अमन मकान की बिक्री होने से आहत था और वह तनाव के दौर से गुजर रहा था।
आर्थिक तंगी से परेशान सुमित ने लगाई फांसी
दूसरी ओर रातू रोड के मधुकम बीच कोचा झारखंड चौक के पास रहने वाले 20 साल के सुमित तिर्की ने साड़ी के सहारे बने फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। वह आर्थिक तंगी से परेशान चल रहा था। बताया गया कि वह गुरुवार को रात में भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। सुबह में समय पर नहीं जगने पर मां को आशंका हुई।
परिजनों ने आवाज का उत्तर नहीं मिलने पर दरवाजे को तोड़ा तो पाया कि छप्पर पर लगे एंगल से बने फंदे से सुमित का शव लटका हुआ है। मामले की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को अपने कब्जे में कर रिम्स में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। दोनों मामले में यूडी केस दर्ज हुआ है।
प्रेमिका के भाई की हत्या का हुआ खुलासा
पुंदाग ओपी पुलिस ने अनसूल अपार्टमेंट के सामने निर्माणाधीन अपार्टमेंट परिसर में युवक वसीम मंसूरी की हत्या का उद्भेदन कर लिया है। वसीम की हत्या उसकी बहन के प्रेमी ने प्रतिशोध में किया, जिसमें उसके साथी ने सहयोग किया। इसके बाद आरोपियों ने शव को साक्ष्य छिपाने की नियत से अपार्टमेंट परिसर में पानी भरे स्थान पर फेंक दिया था। पुलिस ने नामजद आरोपी और इलाहीनगर निवासी शाहिद अंसारी व मुशर्रफ अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। मांडर का दिलशाद अभी फरार है।




साइन इन