श्राद्ध में शामिल होने गए थे, फिर लौटे ही नहीं…; कोडरमा में गायब हो गए 10 आदिवासी बच्चे
पुलिस के मुताबिक, ये सभी बच्चे खास तौर पर कमजोर आदिवासी समूह (PVTG) से ताल्लुक रखते हैं और 31 जनवरी से लापता हैं। बच्चों के अचानक गायब होने से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

झारखंड के कोडरमा जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक गांव के 10 आदिवासी बच्चे रहस्यमय ढंग से लापता हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक, ये सभी बच्चे खास तौर पर कमजोर आदिवासी समूह (PVTG) से ताल्लुक रखते हैं और 31 जनवरी से लापता हैं। बच्चों के अचानक गायब होने से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
श्राद्ध में शामिल होने गए थे बच्चे
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि सभी लापता बच्चे जयनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली खारियोडीह पंचायत के गदियाई बिरहोर टोला के निवासी हैं। 31 जनवरी को ये बच्चे गांव से करीब 14–15 किलोमीटर दूर परसाबाद में एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, लेकिन इसके बाद वे घर नहीं लौटे।
जयनगर पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज उमा नाथ सिंह ने PTI को बताया, “सभी 10 बच्चे 31 जनवरी को परसाबाद में एक श्राद्ध समारोह में गए थे। उस दिन गांव से करीब 60 से 70 लोग श्राद्ध में शामिल होने गए थे, लेकिन ये बच्चे वापस नहीं आए।”
बच्चों का अब तक नहीं मिला सुराग
बच्चों के परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की जांच कर रहे DSP (ट्रेनी) दिवाकर कुमार ने बताया कि पुलिस ने खोजबीन तेज कर दी है। हम परसाबाद और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि बच्चे आखिरी बार कहां देखे गए थे और किस दिशा में गए।
पुलिस की टीमें आसपास के थाना क्षेत्रों से भी संपर्क कर रही हैं और संभावित रूट्स पर पूछताछ की जा रही है। साथ ही, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।




साइन इन