झारखंड में खौफनाक वारदात, घर में सो रहे कपल को नकाबपोश बदमाशों ने मार डाला
झारखंड के गिरिडीह में खौफनाक घटना सामने आई है। यहां के मधुबन थाना क्षेत्र के छछन्दो पंचायत अंतर्गत तिरिलटांड़ गांव में मंगलवार देर रात अपराधियों ने मजदूर दंपति की नृशंस हत्या कर दी।

झारखंड के गिरिडीह में खौफनाक घटना सामने आई है। यहां के मधुबन थाना क्षेत्र के छछन्दो पंचायत अंतर्गत तिरिलटांड़ गांव में मंगलवार देर रात अपराधियों ने मजदूर दंपति की नृशंस हत्या कर दी। धारदार हथियार से किए गए हमले में 35 साल के पतिया हांसदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी 30 साल की परणी देवी ने इलाज के दौरान धनबाद में दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, पतिया हांसदा धनबाद जिले की एक कोयला खदान में मजदूरी करता था। मंगलवार रात वह काम से लौटकर भोजन करने के बाद घर के आंगन में पत्नी के साथ सोया था। देर रात करीब 12 बजे नकाबपोश अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया और फरार हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, शोर सुनकर जब लोग बाहर निकले तो दो-तीन संदिग्ध चेहरा ढंके हुए भागते दिखाई दिए। घटना की सूचना मिलने पर मधुबन पुलिस रात तीन बजे गांव पहुंची और घायल दंपति को अस्पताल भेजा। पतिया हांसदा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल परणी देवी को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
सड़क नहीं थी, खाट से पहुंचाया अस्पताल
ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण एम्बुलेंस घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में ग्रामीणों ने खाट पर लादकर दोनों घायलों को मुख्य सड़क तक पहुंचाया। मृतक दंपति के चार छोटे बच्चे हैं।
माता-पिता की मौत के बाद चार बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस अब तक हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान नहीं कर सकी है। मामले की जांच जारी है। घटना की जानकारी मिलने पर डुमरी विधायक जयराम महतो और झामुमो नेता राजू महतो भी गांव पहुंचे तथा परिजनों को सांत्वना दी। विधायक ने पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा दिलाने और गांव तक पक्की सड़क निर्माण की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आबिद खान ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।




साइन इन