झारखंड में रिसॉर्ट में देह व्यापार का धंधा, 3 जोड़े पकड़ाए; गांववालों ने मैनेजर को जमकर पीटा
झारखंड के एक रिसॉर्ट में देह व्यापार का धंधा होने की खबर सामने आई है। इस बात को लेकर ग्रामीणों ने रिसॉर्ट पर धावा बोल दिया। गांववालों ने रिसॉर्ट के मैनेजर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। गांववालों ने रिसॉर्ट के तीन कमरों से आपत्तिजनक स्थिति में तीन महिला-पुरुष जोड़ों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

झारखंड के जमशेदपुर जिले में एक रिसॉर्ट में देह व्यापार का धंधा होने की खबर सामने आई है। डिमना लेक से सटे गेरुआ गांव स्थित लेक व्यू रिसॉर्ट में रविवार को ग्रामीणों ने घंटों हंगामा किया। भारी संख्या में पहुंचे लोगों ने रिसॉर्ट पर धावा बोल दिया और मैनेजर संतोष गिरी की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। गांववालों ने रिसॉर्ट के तीन कमरों से आपत्तिजनक स्थिति में तीन महिला-पुरुष जोड़ों को पकड़कर बाहर निकाला और पुलिस के हवाले कर दिया।
तीन महिला-पुरुष जोड़ों को बाहर निकाला
इस दौरान भीड़ ने रिसॉर्ट के एक भवन के तीन कमरों से आपत्तिजनक स्थिति में तीन महिला-पुरुष जोड़ों को पकड़कर बाहर निकाला और पुलिस के हवाले कर दिया। एक अन्य जोड़ा मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस द्वारा कमरे की तलाशी में शराब की बोतलें समेत अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं। यहां ग्रामीण घंटों बवाल करते रहे। वे रिसॉर्ट बंद कराने और मालिक को मौके पर बुलाने पर अड़े थे।
रिसॉर्ट को तत्काल बंद करने की मांग
घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना की पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी संजय कर्मकार ने बताया कि रविवार सुबह कई युवक-युवतियों के रिसॉर्ट में प्रवेश करने की सूचना के बाद ग्रामीण पहुंचे। बोड़ाम थाना में दोपहर करीब 3 बजे लिखित आवेदन देकर रिसॉर्ट को तत्काल बंद करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। देर शाम तक थाना प्रभारी नीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस द्वारा मैनेजर संतोष गिरी एवं पकड़े गए युवक-युवतियों से पूछताछ की और बाद में छोड़ दिया।
बालिगों को ही रिसॉर्ट में दिए जाते हैं कमरे : मैनेजर
पूछताछ में मैनेजर ने बताया कि रिसॉर्ट धनबाद निवासी विनोद सिंह का है। एक ही परिसर में एक ओर पतंजलि वेलनेस सेंटर संचालित होता है, जबकि दूसरी ओर लेक व्यू रिसॉर्ट चलता है। उन्होंने बताया कि यहां केवल बालिग युवक-युवतियों को पहचान पत्र जमा कराने के बाद कमरे दिए जाते हैं और अंदर क्या गतिविधियां होती हैं, इसकी जानकारी प्रबंधन को नहीं रहती।
ओयो में रजिस्टर्ड है रिसॉर्ट
बोड़ाम के थाना प्रभारी नीरज कुमार ने कहा कि रिसॉर्ट ओयो में पंजीकृत है। बाहर के लोग बुकिंग कर यहां ठहरते हैं। देह व्यापार जैसी गतिविधियों की पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों के आवेदन को कार्रवाई के लिए को भेजा जाएगा। नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।
छह माह से चल रहा था गलत काम
ग्रामीणों के अनुसार, बोड़ाम की बोंटा पंचायत का गेरुआ गांव पांचवीं अनुसूची क्षेत्र अंतर्गत आता है। यहां बिना ग्रामसभा एवं पंचायत की अनुमति के रिसॉर्ट संचालित किया जा रहा है। यहां लंबे समय से अनैतिक कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा था। पिछले छह महीनों से इस संबंध में लगातार शिकायत और विरोध के बावजूद गतिविधियां बंद नहीं हुईं, जिससे गांव का माहौल प्रभावित हो रहा था।




साइन इन