महंगाई और नीट अनियमितता के खिलाफ कांग्रेस का फूटा गुस्सा, पीएम मोदी और अमित शाह का पुतला फूंका
सरायकेला में जिला कांग्रेस कमेटी ने महंगाई और नीट परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। जिला प्रभारी बलेंस तिर्की ने भाजपा सरकार की विफलताओं की आलोचना की और घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
सरायकेला, संवाददाता । देश में लगातार बढ़ती महंगाई और हाल ही में सामने आए नीट परीक्षा अनियमितता को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला समाहरणालय सरायकेला के मुख्य सड़क पर एकत्रित होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सह सरायकेला-खरसांवा जिला प्रभारी बैलेंस तिर्की और जिला कार्यकारी अध्यक्ष तरुण दे के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ।
पुतला दहन और सभा
पुतला दहन के बाद सभा को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी बलेंस तिर्की ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। एक तरफ जहां कमरतोड़ महंगाई ने आम जनता, गरीबों और मध्यम वर्ग की कमर तोड़कर रख दी है, वहीं दूसरी तरफ देश के भविष्य यानी छात्रों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। नीट परीक्षा इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे घोटाले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।
भ्रष्टाचार पर नज़र
जिला कार्यकारी अध्यक्ष तरुण दे ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। देश के लाखों छात्र सालों तक दिन-रात मेहनत कर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक और धांधली के कारण योग्य छात्रों का भविष्य अंधकार में डूब गया है। सड़क से लेकर सदन तक इस अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोग
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला प्रभारी बैलेंस तिर्की जी, जिला कार्यकारी अध्यक्ष तरूण दे, प्रदेश सचिव छोटेराय किस्कू, महिला जिला अध्यक्ष संगीता प्रधान, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजा राम पढ़ाया, यूथ कांग्रेस पूर्व जिला अध्यक्ष परमेंद्र मिश्रा, कुचाई प्रखंड अध्यक्ष फागू मुंडा, राजनगर प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश महतो समेत अन्य मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन