झामुमो छात्र मोर्चा ने नीट पेपर लीक विरोध में फूंका शिक्षा मंत्री का पुतला
मेदिनीनगर में झामुमो छात्र मोर्चा और महानगर समिति ने नीट (यूजी) 2026 परीक्षा में पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और परीक्षा अभिकरण के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला जलाया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। झामुमो छात्र मोर्चा एवं महानगर समिति के संयुक्त नेतृत्व में नीट (यूजी) 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और भारी अनियमितताओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा अभिकरण के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया।कार्यक्रम की शुरुआत मेदिनीनगर बस स्टैंड स्थित झामुमो कार्यालय से हुई। जुलूस की शक्ल में शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए विरोध प्रदर्शन करते रहे और नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण चिकित्सकीय प्रवेश परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होना केंद्र सरकार और परीक्षा एजेंसियों की गंभीर विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन लगातार हो रही अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य संकट में पड़ता जा रहा है। झामुमो नेताओं ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने तथा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन में जिला सचिव रंजन चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिन्हा, संगठन सचिव देवानंद भारद्वाज, अखिलेश सिंह, महानगर अध्यक्ष रंजित जायसवाल, महानगर सचिव सोनम राईन, महानगर उपाध्यक्ष मन्नत सिंह बग्गा, दिनेश सोनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महिला मोर्चा की ओर से जिला अध्यक्ष सुशीला मिश्रा, उपाध्यक्ष कांति चंद्रवंशी, मंजू कुमारी, संजू कुमारी एवं रजिया नियाजी, छात्र मोर्चा के सचिव सैयद फैजल, कौशल सिंह, आर्यन कुमार, उत्तम कुमार, साहिल अंसारी, कौशिक राज, सैयद सोनू, मंटू इराकी, अंशु सिंह, रोहित पांडेय आदि शामिल थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन