बढ़ती महंगाई और नीट परीक्षा घोटाले को लेकर कांग्रेस ने किया जोरदार विरोध-प्रदर्शन
सरायकेला में कांग्रेस कमेटी ने महंगाई और नीट परीक्षा घोटाले के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। जिला प्रभारी बैलेंस तिर्की ने भाजपा सरकार पर विफलता का आरोप लगाया और घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग की। कांग्रेस आंदोलन जारी रखने का संकल्प ले रही है।

सरायकेला। देश में बढ़ती महंगाई और नीट परीक्षा घोटाले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य सड़क पर एकत्रित होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया। यह देश व्यापी आंदोलन के तहत आयोजित विरोध प्रदर्शन कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सह जिला प्रभारी बैलेंस तिर्की और जिला कार्यकारी अध्यक्ष तरुण दे के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ।
विरोध प्रदर्शन की आवश्यकता
पुतला दहन के बाद जनसभा को संबोधित करते जिला प्रभारी तिर्की ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। एक तरफ जहां कमर तोड़ महंगाई ने आम जनता, गरीबों और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ कर रख दी है।
छात्रों के भविष्य पर असर
वहीं दूसरी तरफ छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। नीट परीक्षा में महाघोटाला इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे घोटाले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। जिला कार्यकारी अध्यक्ष तरुण दे ने कहा कि मोदी सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। देश के लाखों छात्र सालों तक दिन-रात मेहनत कर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करते हैं। लेकिन पेपर लीक और धांधली के कारण योग्य छात्रों का भविष्य अंधकार में डूब गया है।
कांग्रेस का संकल्प
कांग्रेस पार्टी चुप बैठने वाली नहीं है। सड़क से लेकर सदन तक इस अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी। इस विरोध प्रदर्शन में जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव छोटे राय किस्कू, महिला जिला अध्यक्ष संगीता प्रधान, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजा राम, मुकेश मुदेया एवं तमाम कांग्रेस कमेटी परिवार उपस्थित थे। सभी कार्यकर्ताओं ने एक सुर में कहा कि जब तक जनता को महंगाई से राहत नहीं मिलती और छात्रों को न्याय नहीं मिलता तब तक कांग्रेस का यह आंदोलन जारी रहेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन