महिला आरक्षण बिल को लेकर पार्टी का आधिकारिक पक्ष रखा गया
बरहड़वा में कांग्रेस जिला अध्यक्ष बरकत खान ने महिला आरक्षण बिल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जानबूझकर महिला आरक्षण को लागू नहीं किया और कांग्रेस को बदनाम करने की कोशिश की। उन्होंने 2011 की जनगणना के आधार पर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की।

बरहड़वा, प्रतिनिधि । नगर पंचायत क्षेत्र के राजमहल रोड स्थित विधायक प्रतिनिधि कार्यालय में सोमवार शाम कांग्रेस जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर महिला आरक्षण बिल को लेकर पार्टी का आधिकारिक पक्ष रखा।प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बरकत खान ने कहा कि बीते दिनों केंद्र सरकार द्वारा लाया गया महिला आरक्षण बिल सदन में पारित नहीं हो सका, लेकिन इसके लिए भाजपा द्वारा कांग्रेस पार्टी को साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की मंशा शुरू से ही महिला आरक्षण लागू करने की नहीं रही है और यह मुद्दा सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए उठाया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं को सशक्त बनाना चाहती, तो आरक्षण को जातिगत आधार पर लागू करती, ताकि समाज के सभी वर्गों की महिलाओं को समान अवसर मिल सके। उन्होंने यह भी दावा किया कि वर्ष 2023 में पूरे विपक्ष की सहमति से महिला आरक्षण बिल पारित कराया गया था, जिसे तत्कालीन राष्ट्रपति द्वारा अनुमोदित भी किया गया था, लेकिन सरकार ने अब तक उसे लागू नहीं किया।कांग्रेस पार्टी की ओर से मांग करते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा की वर्तमान सीटों के साथ-साथ 2011 की जनगणना के आधार पर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के प्रस्ताव का कांग्रेस पार्टी पूरा समर्थन करेगी। बरकत खान ने भाजपा पर भ्रामक और दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, जो पूरी तरह गलत है। मौके पर जिला महासचिव भोलानाथ महतो, नगर अध्यक्ष मनोज घोष, लोकनाथ घोष सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन