जुमलों की बिसात पर महिलाओं को ठग रही भाजपा : संतोष
धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह महिलाओं को ठगने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का दावा कि कांग्रेस महिला विरोधी है, पूरी तरह से निराधार है। महिला आरक्षण विधेयक 2023 को पास करने के बाद भी भाजपा ने इसे लागू करने में देरी की है।

धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा जुमलों की बिसात बिछाकर महिलाओं को ठगने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक झूठा और दुर्भाग्यपूर्ण नैरेटिव गढ़ रही है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस महिला विरोधी है और उसने संसद में महिला आरक्षण विधेयक को गिरा दिया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दावा पूरी तरह निराधार, असत्य और जनता को गुमराह करने का एक सोचा-समझा प्रयास है। सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष ने मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि महिलाओं को जब हक देने की बारी आई भाजपा ने धोखा कर दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा 543 सीटों पर ही महिलाओं को आरक्षण क्यों नहीं दे रही है। पूरा विपक्ष प्रधानमंत्री से लगातार कह रहा है कि कल सदन में विधेयक लाइए और 543 सीटों में एक तिहाई यानी 181 सीटें महिलाओं को दीजिए विपक्ष आपका पूरा साथ निभाएगा। उन्होंने आगे कहा कि महिला आरक्षण से संबंधित संवैधानिक संशोधन विधेयक वर्ष 2023 में ही संसद द्वारा सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका है। यह 131वां संविधान संशोधन विधेयक है, जिसे महिला सशक्तीकरण के नाम पर प्रस्तुत किया गया, लेकिन इसके अंतर्गत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों की संख्या बढ़ाने तथा परिसीमन की प्रक्रिया को जोड़ने का प्रयास किया गया।जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीता राणा ने कहा कि महिला आरक्षण कानून, जिसे महिला आरक्षण विधेयक 2023 संसद में कांग्रेस सहित लगभग सभी विपक्षी दलों के समर्थन से पास हुआ। इसे तुरंत लागू करने की बजाय भाजपा सरकार द्वारा परिसीमन से जोड़ देना महिलाओं को तत्काल राजनीतिक भागीदारी से वंचित करता है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला उपाध्यक्ष अवध नारायण प्रसाद, शाहिद कमर, अक्षयवर प्रसाद, इरफान खान चौधरी, राजू दास, बिलकिस खानम, बंमभोली सिंह, रूबी खातून, हेमवंती जायसवाल, सबिता खातून, सोनी कुमारी थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन