रांची में महिला जन आक्रोश रैली 25 को, तैयारी शुरू
खूंटी में भारतीय जनता पार्टी की बैठक हुई, जिसमें महिला जन आक्रोश रैली की तैयारी और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए काम कर रही है। जिला प्रभारी सत्यनारायण सिंह ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को बताया।

खूंटी, संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी खूंटी जिला कार्यालय में मंगलवार को जिलाध्यक्ष आनंद कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक हुई। बैठक में जिला प्रभारी सत्यनारायण सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में 25 अप्रैल को रांची में प्रस्तावित महिला जन आक्रोश रैली की तैयारी, संगठनात्मक गतिविधियों तथा अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए आनंद कुमार ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रांची में आयोजित होने वाली महिला जन आक्रोश रैली में खूंटी जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे।
जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं से तैयारी में जुटने और अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।बैठक के अंत में जिला महामंत्री रूपेश जायसवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर महामंत्री निखिल कंडुलना, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, संतोष त्रिपाठी, गोपाल स्वर्णकार, रानी टूटी, सुधीर कुमार सिंह, विजय कुमार राम, परशुराम दास, ज्ञान रंजन सिंह, सिंगा पूर्ति, अमर पूर्ति, आशीष कुमार, रुक्मिला सारू समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक के बाद जिला प्रभारी सत्यनारायण सिंह ने प्रेस वार्ता किया। मौके पर उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन ने इस विधेयक का विरोध कर महिलाओं के अधिकारों का अपमान किया है। यदि विपक्ष ने बाधा नहीं डाली होती तो 2029 में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण का मार्ग प्रशस्त हो जाता। उन्होंने कहा कि डेलिमिटेशन और जनगणना जैसे मुद्दों को बहाना बनाकर विपक्ष महिलाओं की भागीदारी रोकना चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने इस विधेयक का विरोध कर देश की महिलाओं का अपमान किया है, जिसका राजनीतिक खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा।जिला प्रभारी सत्यनारायण सिंह ने कहा कि देश की आधी आबादी महिलाओं की है और सत्ता तथा संसद में उनकी भागीदारी बढ़ाना लोकतंत्र को मजबूत करेगा। भाजपा भविष्य में भी महिलाओं के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कार्य करती रहेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन