झारखंड के मौसम में दिखने वाला है बड़ा उलटफेर, इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; तेज आंधी के लिए भी रहे तैयार
अगले पांच दिनों के दौरान इन सभी जिलों में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। आसमान से बरसती गर्म और सीधी धूप के कारण यहां तापमान का पारा तेजी से ऊपर चढ़ेगा। इसके चलते नागरिकों को तीखी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

झारखंड के मौसम में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिलने वाला है। राज्य के कुछ जिलों में जहां भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ने की आशंका है, वहीं दूसरी ओर राजधानी रांची समेत राज्य के कुछ इलाकों में आंधी और कहीं-कहीं हल्की बारिश-वज्रपात होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार (1 जून) से गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, कोडरमा और हजारीबाग में गर्मी के तेवर और कड़े होने के आसार हैं।
अगले पांच दिनों के दौरान इन सभी जिलों में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। आसमान से बरसती गर्म और सीधी धूप के कारण यहां तापमान का पारा तेजी से ऊपर चढ़ेगा। इसके चलते नागरिकों को तीखी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
रांची, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सरायकेला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम आदि जिलों में तेज आंधी चलने के साथ बारिश होने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, गुमला, सिमडेगा, बोकारो में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में 39.4 डिग्री दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, मेदनीनगर के तापमान में पांच डिग्री की वृद्धि हुई और यह 39.2 डिग्री रहा। जबकि यहां न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि हुई। यहा का न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रहा। यह न्यूनतम राज्य में सर्वाधिक है।
साइक्लोनिक सर्कुलेशन से झारखंड के दक्षिणी भाग होंगे प्रभावित
मौसम विज्ञानियों के अनुसार महाराष्ट्र के विदर्भ पर कायम साइक्लोनिक सर्कुलेशन से लेकर बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन तक एक टर्फ लाइन है। यह छत्तीसगढ़, ओडिशा से होकर गुजर रहा। इससे झारखंड का दक्षिणी भाग अधिक प्रभावित होगा।
रांची का अधिकतम और न्यूनतम तापमान उछला
राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश भागों में मौसम आमतौर पर साफ रहा। राजधानी में दिन के दौरान कुछ देर के लिए बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई। इससे यहां तापमान में वृद्धि हुई। यहां का अधिकतम तापमान 33 रहा, जो कि बीते दिन की तुलना में 4 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी दो डिग्री की वृद्धि हुई और यह 21.6 डिग्री दर्ज किया गया।
लू से बचें
झारखंड में आने वाले दिनों में तापमान में काफी बढ़ोत्तरी हो सकती है। ऐसे में तापमान सामान्य से ऊपर बने रहने के कारण थकावट, मांसपेशियों में ऐंठन, शरीर में पानी की कमी, सुस्ती और शरीर में जरूरी पोषक तत्व का संतुलन बिगड़ने से लू मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। ऐसे में दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच बाहर निकलने से बचें, ढीले सूती कपड़े पहनें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। सिर्फ सादा पानी पर निर्भर रहने के बजाय इलेक्ट्रोलाइट युक्त तरल पदार्थ, ओआरएस, नींबू पानी, सूप और मौसमी फलों के रस का सेवन करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन