हिन्दुस्तान असर : सदर अस्पताल में सुधरी व्यवस्थाएं, आरओ दुरुस्त, ओआरएस कॉर्नर शुरू
रामगढ़ में भीषण गर्मी और हिट वेव के बीच, सदर अस्पताल में मरीजों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था में सुधार किया गया है। अस्पताल में खराब आरओ को ठीक किया गया और नए आरओ लगाए गए हैं। ओआरएस कॉर्नर की शुरुआत भी की गई है, साथ ही एक रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है।

रामगढ़, हमारे प्रतिनिधि। भीषण गर्मी और हिट वेव को लेकर सरकार की ओर से जारी निर्देशों के अनुपालन की स्थिति पर सोमवार को दैनिक अखबार हिन्दुस्तान की ओर से की गई पड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला है। पड़ताल के दौरान यह सामने आया था कि सदर अस्पताल में मरीजों के लिए पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं थी। अस्पताल में लगे अधिकांश आरओ खराब पड़े थे, वहीं ओआरएस कॉर्नर का भी अभाव था। इसके अलावा लू से निपटने के लिए जरूरी रैपिड रिस्पांस टीम का गठन भी नहीं किया गया था। खबर प्रकाशित होते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया और तत्काल आवश्यक कदम उठाए गए।
सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड सहित अन्य हिस्सों में खराब पड़े अधिकांश आरओ को ठीक करा दिया गया है। जहां-जहां जरूरत महसूस हुई, वहां नए छोटे आरओ भी लगाए गए हैं, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को शुद्ध पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके।साथ ही अस्पताल परिसर में ओआरएस कॉर्नर की भी शुरुआत कर दी गई है। यहां एक स्टैंड पर घड़े में साफ पानी रखा गया है और उसके साथ ओआरएस के पैकेट उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि लू और डिहाइड्रेशन से प्रभावित मरीजों को तुरंत राहत मिल सके। गर्मी के इस मौसम में यह व्यवस्था मरीजों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।वहीं सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार ने खबर पर संज्ञान लेते हुए रैपिड रिस्पांस टीम का गठन भी कर दिया है। यह टीम हिट वेव से प्रभावित मरीजों की त्वरित पहचान और इलाज सुनिश्चित करेगी। अस्पताल प्रबंधन ने दावा किया है कि आगे भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन