मोदी सरकार के 12 वर्ष के उपलक्ष्य में क्षेत्र भ्रमण करते हुए सांसद ने चेगौना धाम में लगाया पौधा
मेदिनीनगर में पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया, पूजा अर्चना की और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण पर जोर दिया। सांसद ने मोदी सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

मेदिनीनगर, हिन्दुस्तान टीम। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने, 12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के, कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने चेगौना धाम स्थित मंदिर में पूजा की तथा पौधारोपण कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए, एक पेड़ मां के नाम, अभियान के तहत पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने, प्रगति पथ यात्रा, कार्यक्रम के तहत छतरपुर बाईपास फोरलेन और सोन-छतरपुर जलापूर्ति योजना जैसी उच्च प्राथमिकता वाली विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण के क्रम में छतरपुर के व्यवसायी सुबोध सोनी, सेवानिवृत्त शिक्षक मदन लाल, कंचनपुर के चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार, व्यवसायी अशोक जायसवाल, नौडीहा बाजार के समाजसेवी गुड्डू सिंह एवं नंदकुमार सिंह, सरईडीह के जिला पार्षद सुदामा पासवान, व्यवसायी राजू प्रसाद, सुशीगंज के पूर्व सैनिक युगेश्वर यादव, समाजसेवी रामविलास पासवान, सहायक शिक्षक पप्पू सिंह, समाजसेवी बिहारी विश्वकर्मा आदि सहित कई गणमान्य लोगों से भेंट कर उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने दोपहर का भोजन भी नौडीहा बाजार में सांसद प्रतिनिधि कुंदन कुमार के आवास पर किया। उन्होंने इस क्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने अनुच्छेद-370 की समाप्ति, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए), डिजिटल क्रांति, भारत का विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना, करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालना तथा गरीब, शोषित और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।उन्होंने कहा कि जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिससे गरीबों को मुख्य आर्थिक व्यवस्था से जोड़ा गया है। आयुष्मान भारत योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन आदि की चर्चा करते हुए उन्होंने इससे जनता को मिले लाभ की जानकारी साझा किया। सांसद ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल भुगतान इकोसिस्टम बन चुका है, जहां प्रति माह 23 अरब से अधिक यूपीआई लेनदेन दर्ज किए जा रहे हैं। वर्ष 2014 में लगभग दो ट्रिलियन डॉलर की भारतीय अर्थव्यवस्था अब बढ़कर 4.2 ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो चुकी है। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, कृषि अवसंरचना को मजबूत करने, भारत को ग्लोबल मिलेट्स हब के रूप में स्थापित करने, स्टार्टअप इंडिया, तकनीकी नवाचार, कौशल विकास आदि के क्षेत्र में भी बड़े काम हुए हैं। भीषण गर्मी में भी लगातार चौथे दिन क्षेत्रों का दौरा करते हुए सांसद ने कहा कि वे संगठन का सिपाही हैं और संगठन के दायित्वों का निर्वहन करना उनका परम कर्तव्य है। भ्रमण कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल सिंह, ईश्वरी पांडेय, सुधीर सिन्हा, कमलेश गुप्ता, अशोक मिश्रा, प्रयाग विश्वकर्मा, कुंदन प्रसाद, निजी सचिव अलख दुबे, कौशल झा, चंदन यादव, भोला पांडेय, अंकित सिंह, विजय पाठक आदि शामिल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन