गुमला में नीट यूजी में कथित धांधली के विरोध में झामुमो छात्र मोर्चा का प्रदर्शन
गुमला में झामुमो जिला छात्र मोर्चा ने नीट (यूजी) 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किया। छात्रों ने निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि सरकार की नीतियों के कारण छात्रों का भविष्य खतरे में है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन जारी रहेगा।

गुमला, संवाददाता। नीट (यूजी) 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और गड़बड़ी के विरोध में शुक्रवार को झामुमो जिला छात्र मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का कारण
झामुमो छात्र मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय का पुतला दहन कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता राकेश केरकेट्टा ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई कथित धांधली केंद्र सरकार की छात्र-विरोधी नीतियों को उजागर करती है।
छात्रों की चिंताएँ
उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार केंद्रीय स्तर की परीक्षाओं में गड़बड़ी कर लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि छात्र दिन-रात मेहनत कर अपने भविष्य को संवारने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं उनके सपनों को तोड़ने का काम कर रही हैं।
पारदर्शी जांच की मांग
उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2024 में भी नीट परीक्षा विवादों में रही थी,लेकिन उस मामले में दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी आज तक सामने नहीं आई।छात्र मोर्चा ने मांग की कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर दोषियों के नाम सार्वजनिक किए जाएं और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
आगे की रणनीति
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद नहीं हुआ तो झामुमो छात्र मोर्चा आगे भी उग्र आंदोलन करेगा। प्रदर्शन में अमन कुजूर, दीपक बाखला, रॉबिन एक्का, डेविड लकड़ा, आशीष कुजूर, मो. नावेद, शाहनवाज आलम समेत बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ता मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन