ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ ही किल्लत बढ़ने की आशंका में पेट्रोल पंप पर लगी भीड़
पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सभी पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी कतारें लगी हैं। पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी और किल्लत की अफवाहों के कारण लोग बिना आवश्यकता के भी पेट्रोल भरवाने लगे हैं। कई स्थानों पर डीजल उपलब्ध नहीं है, जिससे स्थिति और गंभीर हो रही है।

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पलामू जिला मुख्यालय सिटी मेदिनीनगर के सभी पेट्रोल पंप पर इंधन लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी है। लोगों को करीब आधा से एक घंटे तक इंजतार करना पड़ रहा है। पेट्रोल के दाम बढ़ने के साथ किल्लत की अफवाहों के बीच लोग बिना आवश्यकता के भी पेट्रोल ले रहे है। कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ देखी गई। कई जगहों पर वाहन चालकों ने जल्दबाजी में टैंक फुल करवाना शुरू कर दिया। कीमत में बढ़ोतरी के कारण लोगों में यह आशंका है कि किल्लत और बढ़ सकती है। पलामू के अन्य शहर व ग्रामीण क्षेत्र में भी पेट्रोल-डीजल के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
मेदिनीनगर शहर के रामप्रताप बासुदेव प्रसाद पेट्रोल पंप पर दिनभर भीड़ लगी रही। गुरुवार से ही इस पेट्रोल पंप पर डीजल नहीं मिल रहा है। संचालक ने बताया कि डीजल-पेट्रोल का दर महंगा हुआ है मगर पेट्रोल की किल्लत नहीं है। उनके पंप पर सभी को मांग के अनुरूप पेट्रोल दिया जा रहा है। हालांकि डीजल अभी अनुपलब्ध है। सुदना में उदय पेट्रोल पंप के संचालक अविनाश कुमार ने बताया कि पेट्रोल व डीजल की कीमत पलामू में भी करीब तीन-तीन रुपये बढ़ गया है। सामान्य पेट्रोल 102 रुपये प्रति लिटर हो गया है। उन्होंने बताया कि पहले पेट्रोल पंप ड्राइ नहीं होता था परंतु वर्तमान में सप्ताह में करीब एक दिन ड्राइ हो जा रहा है। इसके कारण स्थिति सामन्य रखने में परेशानी हो रही है।चंदन कुमार ने बताया कि करीब 30 मिनट रुकने के बाद पेट्रोल मिला है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर संकट के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है। पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने से प्रत्येक परिवार के खर्च में बढ़ोतरी हो जाएगी। मुन्ना विश्वकर्मा ने कहा कि अफवाह फैलने के कारण लोग पेट्रोल और डीजल का स्टॉक घर में रखने लगे हैं। किल्लत की स्थिति इसके कारण उत्पन्न हुई है। कीमत में बढ़ोतरी ने किल्लत बढ़ने की आशंका और गहरा गई है। रमेश राम ने कहा कि सुबह में 3-4 पेट्रोल पंप पर घूमने के बाद भी पेट्रोल नहीं मिला था। सब जगह पेट्रोल नहीं है का बोर्ड लगा हुआ था। शाम को राम प्रताप बासुदेव प्रसाद पेट्रोल पंप पर पेट्रोल मिला तब थोड़ी राहत मिली। धीरज विश्वकर्मा ने कहा कि सरकार को पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति को बेहतर करने का प्रयास करना चाहिए। स्थिति अभी ठीक नहीं है। आने वाले दिनों में प्रतिदिन के उपयोग के लिए पेट्रोल की उपलब्धता सामान्य रहेगी इसे लेकर सभी आशंकित हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन