Rising Fuel Prices and Panic Buying in Jharkhand s Khunti District खूंटी में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म,  घबराहट में खरीदारी बढ़ी, Ranchi Hindi News - Hindustan
More

खूंटी में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म,  घबराहट में खरीदारी बढ़ी

खूंटी, झारखंड में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी और आपूर्ति बाधित होने की आशंका ने लोगों में बेचैनी बढ़ा दी है। कई पेट्रोल पंपों पर राशनिंग शुरू हो गई है। आम उपभोक्ता अब अधिक मात्रा में तेल खरीद रहे हैं। आईओसीएल डिपो से रोजाना 250 से अधिक टैंकरों में तेल की आपूर्ति हो रही है।

Fri, 15 May 2026 06:37 PMNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share
खूंटी में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म,  घबराहट में खरीदारी बढ़ी

खूंटी, संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी युद्ध की तपिश अब झारखंड के खूंटी जिले में भी महसूस की जाने लगी है। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी और आपूर्ति बाधित होने की आशंका ने आम लोगों में बेचैनी बढ़ा दी है। हालात ऐसे बन गए हैं कि जिले के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की राशनिंग शुरू कर दी गई है। तेल की कमी की आशंका और लगातार फैल रही अफवाहों के कारण लोग जरूरत से अधिक पेट्रोल-डीजल खरीदकर स्टॉक करने में जुटे हैं। पहले जहां आम उपभोक्ता 100 से 200 रुपये का पेट्रोल भरवाते थे, वहीं अब लोग अधिक मात्रा में तेल खरीद रहे हैं। इसी घबराहट भरी खरीदारी के कारण पेट्रोल पंप संचालकों को सीमित मात्रा में तेल देने का फैसला लेना पड़ा है.

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:किशनगंज : पेट्रोल-डीजल महंगा होते ही किशनगंज के पेट्रोल पंपों पर बढ़ी भीड़

पेट्रोल पंपों पर राशनिंग

जिले के कई पेट्रोल पंपों पर मोटरसाइकिल चालकों को एक बार में दो-दो लीटर पेट्रोल ही दिया जा रहा है। कार चालकों को एक हजार रुपये तक का ही पेट्रोल-डीजल मिल रहा है। वहीं ट्रक और बसों को 200 लीटर से अधिक तेल नहीं दिया जा रहा, जबकि ट्रैक्टर चालकों को एक हजार रुपये से अधिक का तेल देने पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा गैलन और डिब्बों में तेल देने पर भी रोक लगा दी गई है ताकि कोई बड़ी मात्रा में स्टॉक न कर सके। हालांकि आपात स्थिति में बाइक चालकों को जरूरत पड़ने पर एक लीटर तक तेल बोतल में उपलब्ध कराया जा रहा है.

लोगों की खरीदारी में वृद्धि

गुरुवार देर शाम यह सूचना तेजी से फैली कि पेट्रोल-डीजल के मूल्यों में अप्रत्याशित वृद्धि होने वाली है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े। कई जगह देर रात तक लंबी कतारें लगी रहीं। शुक्रवार सुबह तेल के दाम में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि के बाद एक बार फिर लोगों की भीड़ पेट्रोल पंपों पर उमड़ पड़ी। हालांकि राहत की बात यह रही कि शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर दिनभर तेल उपलब्ध रहा और कहीं भी स्थिति तनावपूर्ण नहीं हुई.

आईओसीएल डिपो से आपूर्ति

आईओसीएल डिपो से रोजाना 250 से अधिक टैंकर हो रहे लोड: खूंटी स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के टर्मिनल पर शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रही। सुबह से विभिन्न जिलों से पहुंचे टैंकरों ने क्रमवार तेल का उठाव किया। समाचार लिखे जाने तक 178 टैंकरों में तेल भरा जा चुका था। टर्मिनल परिसर में नंबर सिस्टम के आधार पर व्यवस्थित लोडिंग की जा रही है। यहां एक साथ 16 टैंकरों में तेल भरने की सुविधा उपलब्ध है। एक टैंकर को सभी कागजी प्रक्रिया पूरी कर तेल लेकर बाहर निकलने में करीब एक घंटे का समय लग रहा है। जानकारी के अनुसार 11 मई को 262, 12 मई को 254, 13 मई को 270, 14 मई को 275 और 15 मई की दोपहर तक 178 टैंकरों में तेल की आपूर्ति की जा चुकी थी.

खूंटी से 15 जिलों में आपूर्ति

खूंटी स्थित आईओसीएल टर्मिनल से तेल लेकर टैंकर रांची, लोहरदगा, गुमला, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, बुंडू, तमाड़, जमशेदपुर, गढ़वा, पलामू और डाल्टेनगंज समेत राज्य के 15 जिलों में आपूर्ति करते हैं। इंडियन ऑयल टर्मिनल से इंडियन ऑयल के पम्पो के साथ साथ भारत पेट्रोलियम के पम्पो में भी तेल की सप्लाई की जा रही है.

डिपो में तेल की कोई कमी नहीं

डिपो में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। पहले जहां औसतन 180 टैंकर प्रतिदिन लोड होते थे, वहीं इन दिनों यह संख्या बढ़कर 250 से अधिक हो गई है। पारादीप से लगातार तेल की आपूर्ति मिल रही है और स्टॉक पूरी तरह पर्याप्त है। लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए और जरूरत के अनुसार ही तेल खरीदना चाहिए.

-तमल कुमार प्रामाणिक, आईओसीएल खूंटी डिपो के उप महाप्रबंधक।

टैंकर चालकों की राय

क्या कहते हैं टैंकर चालक: अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण तेल के मूल्यों में बढ़ोतरी की संभावना से लोग अधिक खरीदारी कर रहे हैं, जिससे पंपों पर भीड़ बढ़ गई है। हमलोगों को टर्मिनल से रोजाना लोडिंग मिल रही है लेकिन खपत बढ़ने से परेशानी हो रही है.

-रबिन कुमार, टैंकर चालक।

तेल नहीं मिलने की अफवाह के कारण लोग जरूरत से ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता में तेल की कोई कमी नहीं है। लोग घबराहट में तेल अधिक खरीद रहे हैं। पम्पो में लंबी कतार लग रही है.

-जोगेंद्र राम, चालक।

नियमित रूप से खूंटी से पेट्रोल-डीजल लेकर विभिन्न पंपों तक पहुंचाया जा रहा है। कमी जैसी कोई स्थिति नहीं है, लेकिन घबराहट में अधिक खरीदारी से पंपों का स्टॉक जल्दी खत्म हो रहा है.

-अखिलेश सिंह, चालक।

अफवाहों के चलते लोग सामान्य से अधिक तेल खरीद रहे हैं। इसी कारण पंपों पर अस्थायी रूप से शॉर्टेज की स्थिति बनती दिख रही है, जबकि वास्तविकता में आपूर्ति बाधित नहीं हुई है.

-जॉन कच्छप, चालक।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।