रामनवमी जुलूस में नहीं बजेगा डीजे, हथियार प्रदर्शन पर सख्त ऐक्शन; झारखंड में गाइडलाइन जारी
रामनवमी के जुलूस में डीजे नहीं बजेगा। इस दौरान जुलूस में अधिकतम 100 भक्त ही शामिल हो पाएंगे। जुलूस या अखाड़ा स्थल पर हथियार के साथ प्रदर्शन पर पूर्णत: रोक रहेगी। भड़काऊ भाषण देने वालों से भी पुलिस कड़ाई से निपटेगी।

रामनवमी के जुलूस में डीजे नहीं बजेगा। जुलूस में अधिकतम 100 भक्त ही शामिल हो पाएंगे। जुलूस या अखाड़ा स्थल पर हथियार के साथ प्रदर्शन पर पूर्णत: रोक रहेगी। भड़काऊ भाषण देने वालों से भी पुलिस कड़ाई से निपटेगी। एसएसपी प्रभात कुमार ने मंगलवार को बताया कि ड्रोन कैमरों से भीड़ की निगरानी होगी। जुलूस के साथ-साथ अखाड़ा स्थल पर भी ड्रोन से नजर रखी जाएगी।
एसएसपी ने मंगलवार को सभी श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में रामनवमी मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अखाड़ा और जुलूस केवल लाइसेंस में निर्धारित मार्ग से ही गुजरेंगे। मार्ग में किसी भी प्रकार का बदलाव प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही हर अखाड़ा दल में अधिकतम 100 लोगों की ही अनुमति दी गई है, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सके।
जुलूस के लिए पहचान पत्र
सुरक्षा के लिहाज से इस बार पहचान और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। सभी अखाड़ा समितियों को 20-20 वॉलेंटियर्स की सूची तैयार कर उनके नाम, मोबाइल नंबर और फोटोयुक्त पहचान पत्र संबंधित थानों में जमा करना अनिवार्य होगा। जुलूस में शामिल हर सदस्य को भी पहचान पत्र जारी करना होगा, जिससे पहचान सुनिश्चित कर किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सके। आयोजन समितियां जुलूस की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी अनिवार्य रूप से कराएगी।
अश्लील गानों पर पूरी तरह रोक
जुलूस के दौरान किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाले गीत, संगीत या नारे नहीं लगाए जाएंगे। अश्लील या आपत्तिजनक गानों पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। यदि कोई समिति डीजे का इस्तेमाल करते पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ लाइसेंस भी रद्द किया जाएगा। साथ ही जुलूस के दौरान खतरनाक करतबों को भी रोका जाएगा। एसएसपी ने सभी अखाड़ा समितियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और शांति, भाईचारे और अनुशासन के साथ रामनवमी मनाएं।




साइन इन